पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शीतकालीन सत्र के दौरान बोले विजयवर्गीय कांग्रेस में चल रही है नेतृत्व की लड़ाई

शीतकालीन सत्र के दौरान बोले विजयवर्गीय- कांग्रेस में चल रही है नेतृत्व की लड़ाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(विधानसभा से बाहर आते विधायक एवं मंत्रीगण)
भोपाल। विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरूआत हंगामे से हुई। कटनी जिले के बहोरीबंद से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक सौरभ सिंह शपथ लेने के लिए व्हील चेयर पर सदन में आए। सौरभ सिंह के शपथ ग्रहण करते ही कांग्रेस विधायक सौरभ सिंह के साथ हुई मारपीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के वक्तव्य की मांग करने लगे।

कांग्रेस के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और ध्यानाकर्षण पर भी चर्चा नहीं हो सकी। एक बार वॉक आउट के बाद वापस सदन में आए कांग्रेस विधायक गर्भ गृह में चले गए। विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा ने सोमवार की कार्य सूची की औपचारिकता को पूरा किया और कुछ ही देर में सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

शीतकालीन सत्र के पहले दिन सबसे पहले नवनिर्वाचित विधायकों संजय पाठक, गोपाल परमार और सौरभ सिंह के अलावा नामांकित सदस्य लोरेन बी लोबो ने शपथ ग्रहण की१ सौरभ सिंह घायल होने के कारण व्हीलचेयर पर सवार होकर सदन में पहुंचे। मुकेश नायक, जीतू पटवारी, सचिन यादव, रजनीश सिंह, आरके दोगने आदि उन्हें सदन के भीतर लेकर आए। सौरभ सिंह के शपथ लेते ही मुकेश नायक और सुंदरलाल तिवारी सहित अन्य विधायकों ने कटनी में मतदान के दौरान सौरभ सिंह के साथ हुई मारपीट का मामला उठाया। विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा ने उन्हें दिवंगतों को श्रद्धांजलि का हवाला देकर शांत कराया।

श्रद्धांजलि के बाद मुकेश नायक ने विधायक ने सौरभ सिंह की पिटाई के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के वक्तव्य की मांग की। उनके समर्थन में कांग्रेस के कई विधायक एकसाथ बोलने लगे। संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विषय सरकार की जानकारी में आ गया है और अब प्रश्नकाल चलने देना चाहिए। लेकिन नायक, तिवारी और डॉ. गोविंद सिंह सहित अन्य कांग्रेस विधायक नहीं माने और वे लगातार एक साथ बोलने लगे। इसके जवाब में भाजपा के यशपाल सिंह सिसौदिया, विश्वास सारंग और शंकरलाल तिवारी आदि ने भी कांग्रेस विधायकों पर टीका- टिप्पणी की।

विजयवर्गीय ने कहा- कांग्रेस में चल रही नेतृत्व की लड़ाई
नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दरअसल कांग्रेस में नेतृत्व की लड़ाई चल रही है। विपक्ष के उपनेता की भूमिका में बाला बच्चन हैं और सदस्य नायक यह मुद्दा उठा रहे हैं। इस पर नायक भड़क गए। आखिरकार बच्चन ने कहा कि सभी कांग्रेस सदस्य चाहते हैं कि विधायक के साथ मारपीट के मामले में स्थगन प्रस्ताव के तहत चर्चा होना चाहिए। साढ़े 11 बजे प्रश्नकाल का वक्त पूरा होते ही कांग्रेस ने वॉक आउट कर दिया। वॉक आउट के बाद सदन में आते ही कांग्रेस विधायक गर्भ गृह में आ गए और नारेबाजी करते रहे। इस बीच दो विधेयक पारित होने सहित सदन अन्य कार्यवाही पूरी हो गई।

संजय पाठक का दावा- सौरभ ने निकाली थी बंदूक
कांग्रेस के हंगामे के बीच संजय पाठक ने दावा किया कि उनके पास पूरे घटनाक्रम की सीडी है। इसमें सौरभ सिंह बंदूक निकालते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे यह सीडी सदन में प्रस्तुत करने को भी तैयार हैं। उन्होंने सौरभ पर चोट का दिखावा करने का आरोप लगाया कि सीडी में सौरभ भागते हुए नजर आ जाएंगे।

मंगलवार को आ सकता है स्थगन
सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद कांग्रेस विधायकों ने अध्यक्ष सीतासरन शर्मा से उनके कक्ष में चर्चा की। संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी वहां मौजूद थे। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच मंगलवार को इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव के जरिए चर्चा कराने पर सहमति बन गई है।
अगली स्लाइड्स पर देखें तस्वीरें...
फोटो - गगन नायर।