(फोटो- विधायक सौरभ सिंह)
भोपाल। मप्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भी कांग्रेसी विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। सभी कांग्रेस विधायक बहोरीबंद विधायक सौरभ सिंह की पिटाई के मामले में सरकार से स्थगन प्रस्ताव की मांग करते रहे। लेकिन, सरकार की तरफ से सकारात्मक जबाव न मिलने से नाराज विपक्षी दल ने सदन से वॉक आउट कर दिया। इसके चलते कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। कुछ देर बाद दोबार शुरू हुई सदन की कार्यवाही में सत्तापक्ष और विपक्ष ने कई मुद्दों पर एक-दूसरे को घेरा।
चलता रहा आरोपों का दौर
इस मामले पर मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान के वक्तव्य देने और न्यायिक जांच की मांग पर अड़े प्रतिपक्ष ने प्रश्नकाल ठप कर दिया। इस दौरान सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेसी सदस्यों के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई। वहीं, कांग्रेस विधायक सौरभ ने हमले को सुनियोजित बताया, तो विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने आरोप लगाया कि विधायक ने गोली चलाई थी।
बसपा विधायकों ने भी किया हंगामा
प्रदेश में हो रहे खाद संकट को लेकर बहुजन समाज पार्टी के विधायक विधानसभा में नीला एप्रिन पहनकर पहुंचे। ये लोग नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में पहुंचे और एप्रिन पहनकर ही सदन तक गए। बीएसपी के अंबाह से विधायक सत्यप्रकाश सखवार, दिमनी से एमएलए बलवीर सिंह दंडोतिया, रैगांव की विधायक उषा चौधरी और मनगंवा की एमएलए शीला त्यागी नीला एप्रिन पहनकर विधानसभा परिसर पैदल चलते हुए प्रवेश द्वार तक पहुंचे। बसपा विधायकों ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। किसान परेशान है। राज्य सरकार कह रही है कि खाद संकट नहीं है, जबकि खाद के लिए किसान यहां वहां भटक रहा है। महंगे दामों में बाजार में खाद बिक रही है।
स्थगन प्रस्ताव पर नहीं होगी चर्चा
विधानसभा में हंगामे और कामकाज में बाधा पर सत्तापक्ष के विधायकों ने विपक्ष को कठघरे में खड़ा किया है। सत्तापक्ष का कहना है कि विपक्ष के पास एक ही मुद्दा है। विपक्ष बार-बार सौरभ सिंह के मामले को उठा रहा है। इसके चलते सदन का कामकाज बाधित हो रहा है, जिससे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात नहीं हो पा रही है। विपक्ष के रवैये के कारण विधायकों का चर्चा के अधिकार का हनन कर रहा है। दूसरी तरफ विपक्षी विधायकों का कहना है कि दूसरे सभी मुद्दे हैं लेकिन विधायक के साथ हुई मारपीट का मुद्दा वे छोड़ नहीं सकते। सरकार ने जानबूझ कर इस सत्र को पांच दिनों का रखा ताकि कम से कम बात हो। इस दौरान करीब 2 घंटे तक सदन में सौरभ सिंह मामले में चर्चा भी हुई। लेकिन, विपक्ष के हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा ने विधायक मामले को अग्रह करते हुए इस पर स्थगन प्रस्ताव देने से इनकार कर दिया।
अगली स्लाइड्स पर देखें तस्वीरें...
फोटो- गगन नायर।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वॉट्सऐप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com.