(PIC: ग्वालियर में स्टेशन परिसर में सुरक्षा के इंतजाम परखते जीआरपी के महानिदेशक मैथिली शरण गुप्त )
भोपाल/ग्वालियर। रेल में बढ़ रही वारदात की रोकथाम के लिए जीआरपी को हाईटेक कर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही रात 10 बजे के बाद वेंडर कोच में घूमते नहीं रह सकेंगे। वेडर अगर कोच में घूमते पाया गया, तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया जाएगा। निरीक्षण के लिए ग्वालियर आए जीआरपी के महानिदेशक मैथिली शरण गुप्त ने
DAINIKBHASKAR.COM से चर्चा करते हुए यात्रियों से भी सजग और सतर्क बने रहने की अपील की है।
वेंडर रात में नहीं घूमें ट्रेन में
डीजी जीआरपी गुप्त ने चर्चा में कहा कि ट्रेनों में रात दस बजे तक अधिकांश यात्री खाना खाकर सो जाते हैं। इस वक्त यात्री को चाय की जरूरत रहती न किसी अन्य चीज की। लिहाजा दस बजे के बाद वेंडरों का ट्रेन घूमने का कोई औचित्य नहीं। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर इसे प्रतिबंधित किया जा रहा है। जीआरपी को अगर कोई वेंडर रात को किसी कोच में घूमता मिला तो पकड़ा जाएगा। इसके अलावा अगर कोई यात्री इससे संबंधित कोई फोटो या वीडियो जीआरपी को भेजेगा, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
लूट की मॉक ड्रिलजीआरपी जल्द ही ट्रेन में चोरी की मॉक ड्रिल करेगी। इसमें जीआरपी जवान ट्रेन में यात्री बनकर सवार होंगे। उनका सामान चुराया जाएगा। टीटीई को शिकायत की जाएगी। उसके बाद स्टेशन पर यात्री की एफआईआर भी कराई जाएगी। इस ड्रिल के जरिए यात्रियों को जागरुक बनाया जाएगा कि अपनी सुरक्षा कैसे की जाए और वारदात के बाद किस तरह अपराधी को पकड़वाने में जीआरपी की मदद की जाए।
जीआरपी होगी हाईटेकडीजी मैथिली शरण ने जानकारी दी कि अपराध रोकने के लिए जीआरपी को हाईटेक किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी कुछ एप डेवलप कर रही है। इन एप पर यात्री ट्रेनों में अवैध रूप से घूमने वाले वेंडरों का
मोबाइल से फोटो खींचकर जीआरपी को भेज सकता है।
नशेड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान
स्टेशन पर घूमने वाले नशेड़ी और आसामजिक तत्वों के खिलाफ जीआरपी विशेष अभियान करेगी। इसके लिए जिला पुलिस से भी मदद मांगी गई है। इसके अलावा ट्रेन में वारदात कर रहे कुध गैंग भी नजर में आए हैं, जल्द ही उनकी धरपकड़ की जाएगी।
एक महीने में दर्ज शिकायतें
- 16 अप्रैल : मुंबई-इंदौर दुरंतो ट्रेन में गोधरा से दाहोद के बीच यात्री का बैग, पर्स, मोबाइल चोरी। रतलाम में शिकायत दर्ज हुई।
- 19 अप्रैल : प्लेटफॉर्म 5 पर दो महिलाओं ने शिकायत की कि प्लटेफॉर्म पर पानी भरने गई, लौटी तो बैग गायब था।
- 20 अप्रैल : बीना-गुना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री ने शिकायत की थी कि उसका पर्स रतलाम स्टेशन आने के कुछ पहले चोरी हो गया।
- 21 अप्रैल : प्लेटफॉर्म 5 पर इंदौर लोकल ट्रेन का इंतजार करते समय एक महिला यात्री का बैग महिला ने चुराने का प्रयास किया। यात्रियों ने महिला को जीआरपी थाने पहुंचाया। फरियादी द्वारा लिखित शिकायत न करने का कारण उक्त महिला को छोड़ दिया गया।
- 28 अप्रैल : रतलाम-कोटा-जयपुर मेला एक्सप्रेस में महिला यात्री ने बताया कि कोटा से रतलाम आते समय रतलाम स्टेशन के पहले ट्रेन में ही पर्स चोरी हो गया, जिसमें मोबाइल, जेवर व जरूरी कागजात थे।
- 29 अप्रैल : दुरंतो एक्सप्रेस में सवार यात्री ने शिकायत की कि एस 1 -11 नबंर बर्थ से बैग, जिसमें मोबाइल, आईडी कार्ड, नकद आदि थे चोरी हो गया।
- 1 मई : उदयपुर-इंदौर ट्रेन के यात्री ने शिकायत की कि ट्रेन से इंदौर रतलाम के बीच बैग, जेवर, नकद, मोबाइल चोरी हो गए।
- 8 मई : उदयपुर-इंदौर ट्रेन में सवार एक रेलवे टीटीई व पत्नी का बैग चोरी हो गया। बैग में 1 लाख रुपए के जेवर, आदि थे।
- 9 मई : गुना बीना पैसेंजर ट्रेन में सवार रेलवे कर्मचारी ने शिकायत की कि रतलाम के कुछ आगे पर्स और मोबाइल चोरी हो गया।
- 16 मई : स्वर्ण मंदिर मेल में सवार यात्री का पर्स, मोबाइल आदि आरक्षित कोच से चोरी हो गया।