मेरी नहीं उन बच्चों की जीत हैः सत्यार्थी
कैलाश सत्यार्थी कहते हैं, 'यह सम्मान उन तमाम बच्चों काे जाता है, जिनके लिए मैं और मेरी टीम काम कर रही है। यह उन बच्चों की मांओं की दुआओं का फल भी है, जिन्हें हमारी टीम ने बाल मजदूरी और चाइल्ड ट्रैफिकिंग से छुड़ाकर मां की गोद तक वापस पहुंचाया। यह उन बच्चों की भी जीत है, जो कड़े संघर्षों के बाद अपनी जिंदगी बदलने में जुटे हैं।'
मैं अहंकार से आजाद हो रहा हूं...
कैलाश सत्यार्थी ने कहा, जितनी आजादी मुझे बाहर की दिख्र रही है, उससे ज्यादा अंदर की आजादी महसूस कर रहा हूं। हर बार जब हम किसी बच्चे को आजाद कराते हैं, तो मैं भीतर से भी खुद आजाद होता हूं। बहुत सारी बुराई अौर अहंकार से आजाद हो रहा हूं। समाज के लिए कुछ कर पाना जीवन में कुछ कर पाने जैसा है। बाल बंधुआ मजदूरी जैसे शब्द जब हम अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिय में ले गए, तो ये शब्द दूसरे देशों के लिए नए थे।
लड़ाई लंबी है...
हमें पता था कि यह लड़ाई लंबी है। इसके राहें भी कांटो भरी। इसके लिए बड़े-बड़े से बलिदान देने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। कहा गया है कि,'मैं अकेला ही चला था जानिबे मंजिल मगर, लोग आते गया और कारवां बनता गया।' मेरी छोटी सी मुहिम, जिसे मैंने विदिशा अपने घर से शुरू किया था, मेरे साथियों ने मेरे साथ कंधे से कंधे मिलाकर सारी दुनिया को इससे जोड़ दिया।
हमें लड़ना होगा, चाहे कितना कष्ट हो...
यह बात करते हुए कैलाश सत्यर्थी थोड़े से भावुक हुए और कहा कि यह लड़ाई अभी जारी है। जब तक समाज देश और दुनिया से बाल मजदूरी, बंधुआ मजदूरी और चाइल्ड ट्रैफिकंग जैसे शब्द समाप्त न हो जाएं, तब तक हमें लड़ते रहना है। हमें इस मुहिम में बहुत चोंटे आईं। मानसिक, शारीरिक प्रताड़नाएं और विरोध भी सहने पड़े। इस लड़ाई में दो साथियों को खोना पड़ा। जब सामाजिक लड़ाई होती है, तो वह आपका प्रतिरोध करती है, यही तो चैलेंज है कि, उसमें अपाच्युनिटी ढूंढना और उसे मुकाम पर पहुंचाना है।
सवा सौ करोड़ लोगों का सम्मान...
शांति नोबेल पुरस्कार सवा सौ करोड़ भारतीयों का सम्मान है। ये भारत के लोकतंत्र की जीत है, जिसकी वजह से भारत से ये लड़ाई आरंभ हुई और आज दुनिया में हम जीत रहे हैं। यह 80,000 से ज्यादा उन बच्चों का और मेरे शहीद हुए साथी और जो इस मुहिम में अपरोक्ष और अपरोक्ष रूप से जुडे हैं, ये उन सबकी जीत और उन सबका सम्मान है।
विदिशा, भोपाल और फिर दुनिया का सफर...
कैलाश सत्यार्थी विदिशा, भोपाल फिर मध्यप्रदेश के अन्य जिलों और शहरों में बाल मजदूरी के खिलाफ अभियान का शंखनाद करते हुए दिल्ली पहुंचे। वहां बचपन बचाओ आंदोलन के माध्यम से दुनियाभर में इस मुहिम को पहुंचाया और अनेक अंतरराष्ट्रीय आर्गेनाइजेशन को इससे जोड़ा। इस आंदोलन को राष्ट्रव्यापी बनाया। समाज में फैली बाल मजदूरी की कुरीति को समाज से दूर करने के लिए तमाम विरोध अौर अवरोध सहते हुए बचपन बचाओ आंदोलन के संस्थापक कैलाश सत्यर्थी ने हार नहीं मानी। सत्यार्थी को नोबल पुरस्कार मिलने की घोषणा के बाद इस आंदोलन से जुड़े देश और विदेश में रह रहे वॉलेंटियर्स में खुशी की लहर है।
पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर रहे हैं सत्यार्थी
पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर रहे कैलाश सत्यार्थी ने 26 वर्ष की उम्र में ही करियर छोड़कर बच्चों के लिए काम करना शुरू कर दिया था। उन्हें बाल श्रम के ख़िलाफ़ अभियान चलाकर हज़ारों बच्चों की ज़िंदग़ियां बचाने का श्रेय दिया जाता है। इस समय वे 'ग्लोबल मार्च अगेंस्ट चाइल्ड लेबर' (बाल श्रम के ख़िलाफ़ वैश्विक अभियान) के अध्यक्ष भी हैं।
सत्यार्थी के बारे में कुछ विशेष बातें...