भोपाल। बैंकर्स की सालाना अखिल भारतीय संगीत प्रतियोगिता गुरुवार सुबह 9.30 बजे से न्यू मार्केट स्थित समन्वय भावन में शुरू हो रही है। 13 दिसंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता कर्नाटक और हिंदुस्तानी शास्त्रीय शैली के साथ संगीत की अन्य विधाओं में देशभर के बैंककर्मी अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे। भोपाल नौ साल बाद इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। आयोजन का जिम्मा इस बार यूनियन बैंक ऑफ इंडिया उठा रहा है।
इस प्रतियोगिता की जानकारी देने के लिए आयोजित एक प्रेसवार्ता में यूनियन बैंक के उप महाप्रबंधक जे डी इलियास ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बैंक कर्मियों की छिपी प्रतिभा को एक मंच दिया जाता है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 11 दिसंबर को सुबह 9.30 बजे प्रमुख सचिव वाणिज्य एवं संस्कृति मनोज श्रीवास्तव करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से प्रतियोगिता शुरू होगी। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम के समापन सत्र का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा और पुरस्कार वितरण ६ बजे होगा। इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन आईबीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ मोहन वसंत टांकसाले और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कार्यपालक निदेशक राकेश सेठी पुरस्कार वितरण समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
किस दिन कौन सी प्रतियोगिता
- 11 दिसंबर: कर्नाटक शास्त्रीय संगीत एकल गायन, हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत वादन, सुगम संगीत गायन एकल, पाश्चात्य संगीत वादन एकल।
- 12 दिसंबर: हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत एकल गायन, कर्नाटक शास्त्रीय संगीत वात एवं तार, राष्ट्रीय एकता गीत समूह।
- 13 दिसंबर: हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत वादन, हिन्दी फिल्मी गीत समूह, लोकगीत समूह और पुरस्कार वितरण।