(फाइल फोटो-विधानसभा भोपाल)
भोपाल। मप्र विधानसभा शीतकालीन सत्र का चौथे दिन चंदेला से भाजपा विधायक आरडी प्रजापति ने इस्तीफा देने की धमकी दी है। बीच सत्र में उन्होंने अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य में धांधली होने की बात कही। उन्होंने अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा चोरी की रेत इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं।
विधायक आरडी प्रजापति के सवाल का जवाब देते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री सरताज सिंह ने कहा कि हमारी जिम्मेदारी रेत पर रॉयल्टी लेना है, चोरी रोकना नहीं है। इस पर भड़के विधायक ने सत्र की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ने दी और कहा कि मंत्री जी चाहे तो इस मामले की जांच करवा लें, यदि मेरे आरोप गलत साबित होते है तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। प्रजापति ने यह भी कहा कि मैंने खुद इस मामले में जांच की है। मैं चाहता हूं कि खनिज विभाग पीडब्ल्यूडी को चिट्ठी लिखकर इस मामले की रिपोर्ट मांगे। मामला सही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही करने आदेश दिए जाए।
यह पहला मौका नहीं है जब सत्ताधारी पार्टी के विधायक अपनी ही पार्टी के कामकाज से असंतुष्ट होकर, इस तरह के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उनके इस सवाल पर सदन में बैठे विपक्षी नेता भी चुटकी लेते नजर आए।