भोपाल। जैन मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार सदस्यीय गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार लाख रुपए का माल भी बरामद किया है। बागसेवनिया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुरजीत सिंह राजपूत और राजेंद्र को साकेत नगर से हिरासत में लिया था।
पूछताछ में युवकों ने नारायण नगर के जैन मंदिर से लाखों रुपए की चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही कोलार के एक जैन मंदिर से नकदी चोरी करना भी कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आदिनाथ भगवान की एक धातु की एक बेशकीमती मूर्ति, चांदी के 6 छत्र और जेवरात बरामद किए है। आरोपियों ने बताया कि उनके गिरोह में भारत उर्फ भागीरथ और मुकेश सिंह नाम के दो अन्य सदस्य भी शामिल है। सूचना के बाद पुलिस ने इन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में दानिश कुंज कोलार रोड, हबीबगंज भोपाल एवं सागर तरफ भी जैन मंदिरों से चोरी करना कबूल किया है।
थाना प्रभारी सलिल शर्मा ने बताया कि आरोपी सुरजीत सिंह राजपूत पिता सरमन सिंह राजपूत, मूल निवासी सागर, हाल पता जनता कालोनी हबीबगंज, मजदूरी करता है। जबकि, भारत उर्फ भागीरथ पिता गोपीलाल अहिरवार, निवासी मूल निवासी राजगढ़, हाल पता गांधी नगर, एनआरआई कालेज का छात्र है। राजेंद्र पिता मुन्नालाल राजपूत, मूल निवासी जिला अशोक नगर, हाल पता ईश्वर नगर भोपाल, 10 नंबर मार्केट में आर्शीर्वाद ज्वेलर्स पर गार्ड की नौकरी करता है। मुकेश परमार पिता शेर सिंह परमार, मूल निवासी बीना जिला सागर, हाल पता ईश्वर नगर भोपाल, पुताई का काम करता है।