करोंद में धार्मिक स्थल और उससे लगी जमीन को लेकर दो गुटों में जारी विवाद गुरुवार को फिर हिंसक हो गया। उपद्रवियों ने घरों में घुसकर महिलाआें और बच्चों को बेरहमी से पीटा। घरों और गाड़ियों में आग भी लगा दी।
भोपाल। करोंद इलाके में एक सम्प्रदाय विशेष के दो गुटों के बीच बुधवार से जारी विवाद गुरुवार को फिर हिंसक हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उपद्रवियों ने एक-दूसरे के घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों को बेरहमी से पीटा और घरों-दुकानों में आग लगा दी। उपद्रवियों को जहां; जो वाहन दिखे, उन्हें भी फूंक डाला।
उपद्रवियाें को काबू में करने पुलिस ने लाठियां भांजी और अश्रु गैस के गोले छोड़े। इस हिंसा में
दर्जनभर लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक-दो की हालत गंभीर बताई जाती है।
महिलाओं और बच्चों को किया जा रहा शिफ्ट
इलाके में फैले तनाव के चलते पुलिस प्रशासन महिलाओं और बच्चों काे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर रहा है। उधर, एक गुट का कहना है कि वे काफी डरे हुए हैं और अब यहां नहीं रहना चाहते। दोबारा हमले की आशंका के चलते डरे हुए लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के घर जाने को मजबूर हैं।
यह है मामला :
करोंद में सम्प्रदाय विशेष के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। यहां दो गुटों में धार्मिक स्थल और उससे सटी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुधवार को दोनों गुट एक-दूसरे के सामने आ गए और देखते ही देखते हिंसा पर उतर आए। तनाव को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, बावजूद गुरुवार को फिर दोनों गुट उपद्रव करने लगे। एक-दूसरे को आंख दिखाने के बाद तू-तू-मैं-मैं से शुरू हुआ झगड़ा हिंसक हो उठा।
एक गुट के लाेगों ने दूसरे गुट के घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों गुट लाठियां और पत्थर लेकर एक-दूृसरे से भिड़ गए। उपद्रवियों ने घरों और गाड़ियों में आग लगा दी। उपद्रवियाें को खदेड़ने पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। अश्रु गैस भी छोड़ी गई।
30-40 आंसू गैस के गोले छोड़े गए
गुरुवार सुबह एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की महिलाओं-बच्चों के साथ जब मारपीट की, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने आधा उनके मकानों-दुकानों में आग लगा दी। इस बीच दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को नियंत्रण में करने के लिए लगभग 30-40 आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे भी उपद्रवी नहीं माने, फिर पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए हवाई फायर भी किए।
दमकल को नहीं आने दिया अंदर
दुकानों एवं मकानों में लगी आग को बुझाने के लिए मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।
इलाके में है कर्फ्यू सा माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना स्थल के आस-पास खासतौर पर करोंद की हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के समीप कर्फ्यू सा माहौल है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसलिए लोगों को वहां से गुजरने से भी रोका जा रहा है।
दोनों पक्षों पर केस
बुधवार रात दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों के लोगों ने वाहनों में तोड़फोड़ के साथ एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब एक-एक दर्जन युवकों पर बलवा, मारपीट का मामला देर रात ही दर्ज कर लिया था।
अंदर देखें कुछ तस्वीरें...