पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बीयू : शिकायत लेकर भटक रहे छात्र, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन

बीयू : शिकायत लेकर भटक रहे छात्र, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छात्रों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन किया। करीब आधा घंटे तक करीब चालीस से पचास कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की शिकायत थी कि अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले छात्रों की विवि में कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
अपनी मांग को लेकर कुलपति से मिलने की कोशिश कर रहे परिषद कार्यकर्ताओं को सुरक्षा गार्ड ने बाहर ही रोककर गेट पर ताले लगा दिए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा गार्ड के बीच झूमाझटकी भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस को हंगामा शांत करने के लिए बीच बचाव करना पड़ा। प्रदर्शन के करीब आधा घंटे बाद बाहर आकर रजिस्ट्रार एलएस सोलंकी ने प्रदर्शनकारियों से बात की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री विजय अठवाल ने बताया कि छात्र अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के लगातार चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उनकी शिकायत सुनी नहीं जा रही है। छात्रों की सबसे बड़ी शिकायत डीन स्टूडेंट वेलफेयर का लगातार अनुपस्थित रहना है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने डीन स्टूडेंट वेलफेयर बदलकर इसकी जिम्मेदारी किसी फुल टाइम अधिकारी को सौंपने की मांग की है।
इसके लिए विवि प्रशासन को एक पत्र शासन को भी लिखने का सुझाव दिया गया। वहीं, रजिस्ट्रार से मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधिमंडल कुलपति प्रो. एमडी तिवारी से मिला। कुलपति ने डीन स्टूडेंट वेलफेयर को बदलने का आश्वासन दिया है। अभी इस पद की जिम्मेदारी प्रो. विनय श्रीवास्तव संभाल रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हर मंगलवार विवि में होने वाली जनसुनवाई के निर्णय को सूचना पटल पर लगाने के साथ ही वेबसाइट पर भी अपलोड करने की मांग रखी ताकि छात्रों को उनकी शिकायतों की सही जानकारी मिल सके। इसके साथ ही रिवैल्यूएशन के रिजल्ट जल्द घोषित करने की भी मांग कार्यकर्ताओं ने कुलपति से की।