(PIC: प्रतियाेगिता में त्रिवेंद्रम से आए यूनियन बैंक में कैशियर श्रीधरन पोट्टी ने घटम वादन किया।)
भोपाल। इनसे मिलिए! यह हैं त्रिवेंद्रम से आए श्रीधरन पोट्टी। यूनियन बैंक में कैशियर श्रीधरन ने अपने पैशन के लिए प्रमोशन लेना उचित नहीं समझा। यह घटम वादन में ख्यात नाम हो चुके हैं।
गुरुवार से यहां तीन दिन की अखिल भारतीय अंतर बैंक संगीत प्रतियोगिता शुरू हुई। इसका अायोजन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने किया है। प्रतियाेगिता में देशभर के 16 बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी कलाकार शामिल हुए हैं।
यह आयोजन समन्वय भवन में किया जा रहा है। गुरुवार को इसमें बैंक कर्मियों ने कर्नाटक क्लासिकल वोकल, हिंदुस्तानी क्लासिकल परकशन (सोलो) इंस्ट्रूमेंटल, सुगम संगीत-लाइट म्यूजिक सोलो के साथ वेस्टर्न क्लासिकल म्यूजिक(सोलो) की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख सचिव,वाणिज्य एवं संस्कृति विभाग मनोज श्रीवास्तव ने किया।।
संगीत के लिए नहीं लिया प्रमोशन
त्रिवेंद्रम यूनियन बैंक में कैशियर श्रीधरन पोट्टी ने घटम वादन किया। श्रीधरन आकाशवाणी से टॉप ग्रेड आर्टिस्ट हैं। अपने इसी पैशन के कारण उन्होंने बैंक से मिलने वाला प्रमोशन नहीं लिया। श्रीधरन के परिवार में भी सभी कलाकार हैं। उनके बेटे मृदंग, वॉयलिन बजाने के साथ तबला बजाते हैं।
42 साल से गाने में ही रचे बसे
मुंबई स्थित बैंक ऑफ इंडिया में पदस्थ सुरेश बापट ने सुगम संगीत की प्रस्तुति दी। सुरेश बापट ने राग मिश्र शिव रंजनी में ‘मतवारो बादल आयो रे...’ के बाद तबला में तीन ताल की प्रस्तुति दी। सुरेश ने बताया कि पिछले 42 साल से वे संगीत में भी पले और बढ़े हैं।
आकाशवाणी से गायन में ए ग्रेड सुरेश ने भी अपने इसी शौक के कारण प्रमोशन नहीं लिया। आज भी वे रोजाना 3 से 4 घंटे तक गायन का रियाज करते हैं। इसके अलावा उनसे 30 बच्चे भी गायन की तालीम हासिल कर रहे हैं।
यह थे मौजूद...
कार्यक्रम में यूनियन बैंक के महाप्रबंधक जीआर पाडलकर, उप महाप्रबंधक जेडीआर इलियास, उप महाप्रबंधक अरुण श्रीवास्तव, उप महाप्रबंधक केन्द्रीय कार्यालय,मुम्बई विनायक टेंभुर्णे,क्षेत्र प्रमुख भोपाल क्षेत्र सुलभा कोरे के अलावा केन्द्रीय कार्यालय, मुम्बई एवं विभिन्न बैंकों के अंचल प्रमुख, प्रतियोगीगण तथा यूनियन बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।