भोपाल। एकीकृत बाल विकास सेवा के अंतर्गत आंगनवाड़ी सुपरवाइजर और कार्यकर्ता पदों की नियुक्ति के लिए आयोजित परीक्षा में राजधानी भोपाल के साथ-साथ राज्य के अन्य शहरों में भारी गड़बड़ी सामने आई। मंडीदीप में परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं देने से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाइवे पर चक्का जाम करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर परीक्षार्थियों को वहां से हटा दिया।
जानकारी के मुताबिक मंडीदीप में नेशनल हाइवे पर स्थित अनंत उत्सव परीक्षा केंद्र में पूरे दस्तावेज नहीं होने पर परीक्षार्थियों को परीक्षा देने से रोक दिया गया। इससे गुस्साए परीक्षार्थियों ने नेशनल हाइवे पर ही चक्का जाम करने की कोशिश की, मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर परीक्षार्थियों को सड़क से हटा दिया, साथ ही कुछ उम्मीदवारों को हिरासत में भी लिया गया है।
दस्तावेज कम होने के कारण आखिरकार इन उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। मंडीदीप के अलावा अन्य जगहों पर आईडी प्रूफ और रोल नंबर न होने की वजह से उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया जिससे वे इधर-उधर भटकते रहे। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर और कार्यकर्ता के पद पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा के लिए राज्य में ७६० परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। लगभग तीन लाख से ज्यादा परीक्षार्थी इसमें शामिल हुए।