पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कोई भी मौसम हो, कमरे में खेलिए दुनिया के बड़े गोल्फ कोर्स पर

कोई भी मौसम हो, कमरे में खेलिए दुनिया के बड़े गोल्फ कोर्स पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भेल के ऑफिसर्स क्लब में वर्चुअल गोल्फ सिमुलेटर इंस्टॉल किया गया है, जो गोल्फ के शौकीनों या गोल्फ सीखने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बड़ी सौगात है।
 
भोपाल। 100 से 200 एकड़ वाले गोल्फ कोर्स पर खेलने का आनंद यदि एक कमरे में ही मिल जाए तो? जी हां, अब भोपाल के लोगों को भी यह सौगात मिल चुकी है।
 
भेल के ऑफिसर्स क्लब में वर्चुअल गोल्फ सिमुलेटर इंस्टॉल किया गया है, जो गोल्फ के शौकीनों या गोल्फ सीखने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बड़ी सौगात है। कड़ी धूप हो या तेज बारिश, गोल्फ खेलने की इच्छा है तो खिलाड़यों को मन मसोसकर नहीं बैठना पड़ेगा। वे एक कमरे में ही अपने गोल्फ इक्वीपमेंट के जरिये दुनिया के बड़े गोल्फ कोर्स पर गोल्फ खेल सकते हैं।
 

भेल गोल्फ क्लब के सचिव जेपी मसंद ने बताया कि गोल्फ क्लब ने भेल ऑफिसर्स क्लब में यह सिमुलेटर इंस्टॉल कराया है। इस सिमुलेटर की मदद से ही एक कमरे में गोल्फ खेला जा सकता है। इंदौर की एक कंपनी द गोल्फ ओएसिस ने इस सॉफ्टवेयर को इंस्टॉल किया है। जहां गोल्फ कोर्स कई एकड़ जमीन पर बना होता है, वहीं यह सिमुलेटर महज 150-250 स्क्वैयर फीट जगह लेता है।

कैसे काम करता है गोल्फ सिमुलेटर?
गोल्फ सिमुलेटर इंस्टॉल करने वाले पंकज नवाल बताते हैं कि इस सिमुलेटर में सेंसर लगे होते हैं] जो क्लब फेस एंगल, स्विंग, क्लब हेड स्पीड, स्विंग पाथ, स्विंग टैंपो, एंगल ऑफ अटैक सहित सभी बातों की जानकरी रिकॉर्ड कर कंप्यूटर को भेजता है। इस डाटा के आधार पर कंप्यूटर कैलकुलेशन कर बड़ी स्क्रीन पर बताता है कि शॉट खेलने के बाद बॉल गोल्फ कोर्स पर कहां गई। इस तरह गोल्फ खेला जा सकता है। इस सिमुलेटर पर भी गोल्फ खेलने के लिए ओरिजनल गोल्फ इक्वीपमेंट ही यूज करने होते हैं। दुनिया के कई बड़े गोल्फ कोर्स की रैप्लीका इस सिमुलेटर पर दिखती है। इससे यह अहसास होता है कि खिलाड़ी उसी गोल्फ कोर्स पर खेल रहा है।

वीडियो रिकॉर्डिंग कर सुधारें तकनीक
पंकज बताते हैं कि इस सिमुलेटर की मदद से वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा सकती है। इससे अपनी तकनीकी का विश्लेषण कर सकते हैं और साथ ही विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़यों की तकनीक से तुलना कर अपनी तकनीक सुधार सकते हैं।

कीमत महज पांच लाख रुपए
एक गोल्फ कोर्स तैयार करने में जहां 40 से 50 करोड़ रुपए खर्च करने होते हैं, वहीं इसके मैंटेनेंस पर हर साल 2-3 करोड़ रुपए खर्च होते हैं, जबकि यह सिमुलेटर महज पांच लाख रुपए में इंस्टॉल हो जाता है।

कौन खेल सकता है यहां?
भेल गोल्फ क्लब के सचिव जेपी मसंद ने बताया कि इस सिमुलेटर पर क्लब के सदस्य या अन्य लोग भी खेल सकते हैं। सदस्यों के लिए फ्री होगा। वहीं जो क्लब के सदस्य नहीं है, उनसे मामूली फीस ली जाएगी। मसंद ने बताया कि भेल गोल्फ क्लब भोपाल का एक मात्र सार्वजनिक गोल्फ क्लब है। जबकि आर्मी के गोल्फ क्लब में बाहरी लोगों को प्रवेश मुश्किल से मिलता है।
 
नहीं है ज्यादा खर्चा?
मसंद बताते हैं कि आमतौर पर गोल्फ को अमीर लोगों का खेल माना जाता है, क्योंकि इसके बारे में यह छवि है कि यह खेल बहुत महंगा है। लेकिन आम आदमी भी बहुत थोड़ा सा खर्चा कर गोल्फ खेल सकता है। पंद्रह हजार रुपए में भेल गोल्फ क्लब की सदस्यता ली जा सकती है। वहीं महज चार सौ रुपए महीने की फीस पर गोल्फ कोर्स का उपयोग किया जा सकता है। यदि कोई क्लब की सदस्यता नहीं भी लेना चाहता है, तो दो घंटे का सौ रुपए किराया देकर भी गोल्फ खेला जा सकता है। मसंद ने बताया कि नई गोल्फ किट महंगी आती है लेकिन अच्छी सेकंड हैंड किट 3 से 5 हजार रुपए में खरीदकर गोल्फ का शौक पूरा किया जा सकता है।