भोपाल। सेंट्रल जेल में बंद सिमी के 27 आतंकवादी जेल में ही हंगामा कर बाहर की दुनिया का ध्यान खींच रहे हैं। आतंकियों ने जेल में काम करने आए कैदियों की पहले मारपीट की और फिर नारेबाजी । सिमी आतंकी पेशी के लिए कोर्ट में जाते थे तो बाहरी दुनिया से संपर्क हो जाता था लेकिन 2 महीने से उनकी पेशी वीडियो कान्फ्रेंसिंग से हो रही है। इस वजह से अब वे जेल के बाहर नहीं जा पा रहे, तो जेल में ही हंगामा कर लोगों का ध्यान खींचने में लगे हैं। सेंट्रल जेल अधीक्षक मंशाराम पटेल इसे आतंकियों की खीझ बता रहे हैं...
कैदी और सिमी आतंकी भिड़ गए...
गांधीनगर स्थित सेंट्रल जेल में आठ महीनों से 28 सिमी आतंकी बंद थे लेकिन 1 की जमानत होने के बाद अब 27 आतंकी जेल में बचे हैं। जेल के अंदर निर्माण कार्य चल रहा था जिसके लिए जेल के ही कैदी काम के लिए गए थे। वहीं सिमी आतंकी भी थे। शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे उनके बीच कहासुनी हो गई और बात मारपीट तक जा पहुंची। वहां पर जेल का स्टॉफ पहुंचा, तब जाकर सिमी आतंकी और अन्य कैदियों को अलग किया गया। उन्हें वापस अन्य बैरक में भेजा गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए।
जेल के बाहर फैल रही है अफवाह
जेल के बाहर अफवाह फैल रही है कि सिमी आतंकी और कैदी खूब हंगामा कर रहे हैं। उनके बीच जमकर बरतन बाजी हो रही है। ये वही बरतन हैं जिसमें कैदी खाना खाते हैं। वहीं कुछ कह रहे हैं कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। खंडवा जेल से फरार 6 आतंकियों में से एक अबू फैजल भी सेंट्रल जेल में बंद है। इसके अलावा मप्र की अन्य जेलों के सिमी आतंकियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से सेंट्रल जेल में ही रखा गया है।
26 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं सिमी आतंकियों पर
सिमी आतंकियों को जेल में रखने में तीन साल में 26 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। खानपान, जेल में रखने, अदालती कार्रवाई और सुरक्षा पर किया गया खर्च अलग है। मुबंई हमले के आतंकी कसाब की सुरक्षा में 4 साल में 30 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इसमें 21 करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने किए थे लेकिन मप्र में मप्र सरकार ये खर्च वहन कर रही है।
खीझ निकालने के लिए कर रहे हंगामा
जेल में कैदी और सिमी आतंकियों के बीच झूमा झटकी हुई थी लेकिन अब स्थित कंट्रोल में है। आतंकी अब कोर्ट पेशी पर नहीं जा पा रहे, वीडियो कान्फ्रेंसिंग से ही उनकी पेशी हो रही है। इसकी खीझ निकालने के लिए आतंकी एेसी हरकत कर रहे हैं।
मशांराम पटेल, अधीक्षक, सेंट्रल जेल