भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता महाभियान की समीक्षा बैठक सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी सहस्त्रबुद्धे ने प्रदेश के नवनिर्वाचित महापौरों को भी आमंत्रित किया। गौरतलब है कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के कारण सदस्यता अभियान की गति धीमी हो गई थी। लेकिन, एक बार फिर पार्टी बड़े नेता इस महाभियान में तेजी लाने में जुट गए हैं। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।
लाल-पीली बत्ती में पहुंचे नवनिर्वाचित महापौर
समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश के कुछ महापौर लाल-पीली बत्ती की गाड़ियों में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। बुरहानपुर के महापौर अनिल भोंसले ने तो हद ही कर दी, वे बिना नंबर की स्कार्पियों पर लाल बत्ती लगाकर पहुंचे। मौके पर मौजूद पत्रकारों ने जब उनसे इस संबंध में सवाल किया, तो वे गोलमोल जवाब देते नजर आए। वहीं, सागर नगर निगम के महापौर अभय दरे से जब पत्रकारों ने पूछा कि वे पीली बत्ती लगाकर नगर निगम सीमा के बाहर कैसे आ गए? इस पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए उन्होंने लोगों से माफी मांगी।