पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का गौरव, खेल मंत्री ने दी बधाई

पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का गौरव, खेल मंत्री ने दी बधाई

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल। राष्ट्रीय खेलों में मध्य प्रदेश का दबदबा बरकरार है। प्रदेश के खिलाडिय़ों को लगातार मिल रहे मेडल से जहां खिलाडिय़ों के जोश में बढ़ोत्तरी हो रही है, वहीं खेल के क्षेत्र में मध्य प्रदेश का नाम रोशन हो रहा है। राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत मध्य प्रदेश के खिलाडिय़ों ने कयाकिंग-केनोइंग में एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य जीता है। इसके साथ ही वुशु में एक रजत व जूडो में एक कांस्य सहित कुल सात पदक जीते हैं। इस खेल में मध्य प्रदेश को अब तक 63 पदक मिल चुके हैं।

खिलाडिय़ों को मिल रहा प्रोत्साहन
राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत मध्य प्रदेश के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। लगातार पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा राष्ट्रीय खेलों की सत्त रूप से समीक्षा की जा रही है और वे विजेता खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित कर रही हैं। खेल मंत्री से मिल रहे प्रोत्साहन से खिलाड़ी खासे उत्साहित हैं। विजेता खिलाडिय़ों को खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं संचालक खेल उपेंद्र जैन ने बधाई दी है।

कयाकिंग-केनोइंग में एक स्वर्ण,तीन रजत और एक कांस्य
राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत केरल स्थित अलापुझा में आयोजित केनोइंग के 500 मीटर सी-4 (पुरुष) स्पर्धा में मध्य प्रदेश वाटर स्पोटर्स अकादमी के खिलाड़ी के समानंदा सिंह, मध्य प्रदेश के खिलाड़ी नफीस कुरैशी, अरूण नंदेल और अंकित पचौरी ने सेना (सर्विसेज) को कड़ी टक्कर देकर पहला स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इसी तरह केनोइंग 500 मीटर सी-1 महिला वर्ग के व्यक्तिगत मुकाबले में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी इनोचा देवी ने एक रजत पदक जीता है। केनोइंग सी-4 स्पर्धा के टीम इवेंट में भी मध्य प्रदेश को एक रजत पदक हासिल हुआ।

सी-4 वुमेन 500 मीटर टीम इवेंट में मध्य प्रदेश वाटर स्पोट्र्स अकादमी की खिलाड़ी राजेश्वरी कुशराम और नमिता चंदेल तथा मध्य प्रदेश की खिलाड़ी नाजि़स मंसूरी और अंजली वशिष्ट ने रजत जीता है। वाटर स्पोट्र्स के अंतर्गत 500 मीटर के-2 महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी ए० नानो देवी और सोनिया देवी ने एक रजत पदक तथा 500 मीटर के-1 की व्यक्तिगत स्पर्धा में मध्य प्रदेश की सोनिया देवी ने एक कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
राष्ट्रीय खेलों के तहत आयोजित वुशु के चाॅनक्वन इवेंट में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी पूर्वी सोनी ने एक रजत पदक जीता। जबकि, जूडो प्रतियोगिता के 73 किलोग्राम भारवर्ग में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी आकाश टटवाले ने कांस्य पदक अर्जित किया है। इस मौके पर खिलाडि़य़ों के उत्साहवर्धन के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक राजेंदर सिंह भी मौजूद रहे। उधर, एथलेटिक वूमेन टीम फायनल में पहुंच गई है, जबकि बाक्सिंग खिलाड़ी मनीष उइके क्वाटर फायनल में केरल के परास्त कर सेमीफायनल में पहुंच गए हैं।