भोपाल। बॉलीवुड अभिनेता अन्नू कपूर ने शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में गुरुवार को कहा, ''लड़के अमीर होने के बाद बिगड़ते हैं और लड़कियां बिगड़ने के बाद अमीर होती हैं।'' राजधानी के नूतन कॉलेज में छात्राओं को संबोधित करते हुए अन्नू कपूर ने यह बयान दिया। नूतन ओल्ड गर्ल्स एसोसिएशन की ओर से अन्नू कपूर का कॉलेज में सम्मान किया गया था। कांग्रेस ने अन्नू कपूर के इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीप्ति सिंह ने कहा-''इस तरह के बयान शोभा नहीं देते हैं। वो भी एक महिला कॉलेज में ऐसा बयान देना निंदनीय है। अन्नू कपूर को तुरंत माफी मांगना चाहिए, वरना कांग्रेस उनके खिलाफ महिला आयोग और पुलिस में शिकायत करेगी।'' हालांकि, नूतन कॉलेज की प्रिंसिपल शोभना वाजपेयी मारू अन्नू कपूर के बयान को आपत्तिजनक नहीं मानतीं। वे बोलीं-'अन्नू कपूर लड़कियों को समझाइश दे रहे थे।'
दीपिका-कैटरीना से प्रभावित मत होना
अन्नू कपूर ने कहा कि फिल्मों में
दीपिका पादुकोण या
कैटरीना कैफ के रोमांस को देखकर महिलाओं को उससे प्रभावित होने की जरूरत नहीं है। दीपिका या कैटरीना तभी अच्छी कलाकार मानी जाएंगी, जब वे समाज में कुछ सकारात्मक योगदान देंगी। फिल्मों में जो रोमांस दिखता है, प्रेम वैसा नहीं होता।
लड़कों को मर्यादा सिखाने की जरूरत
अन्नू कपूर ने कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार को देखते हुए अब भारतीय परिवारों को लड़कों के प्रति व्यवहार में थोड़ा बदलाव करना चाहिए। आमतौर पर भारतीय समाज में लड़कियों को मर्यादा सिखाई जाती है, लेकिन अब समय आ गया है, जब लड़कों को यह बताया जाए कि वे महिलाओं का सम्मान करें।