भोपाल। छह महीने में भले ही पेट्रोल और डीजल के दाम घट गए हों, लेकिन ऑटो का किराया जस का तस है। ऑटो वाले तर्क देते हैं, 'ऑटो का प्रीपेड किराया तीन साल पहले फिक्स किया गया था, जब पेट्रोल 65 रुपए प्रति लीटर था। इसके बाद पेट्रोल का रेट बहुत बढ़ गया था और हमें घाटा होने लगा था। अब जाकर हमें रेट ठीक मिल रहा है।' बसों का किराया कम करने को लेकर भी परिवहन विभाग कुछ नहीं कर पा रहा है।
इस तरह से मिल सकता है यात्रियों को फायदा
प्रेस काम्पलेक्स से रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 1 की दूरी 5 किमी है। पहले किमी के 20 रुपए और अगले किमी के 15 रुपए के हिसाब से 80 रुपए किराए के लिए जा रहे हैं। एक लीटर पेट्रोल में 11 रुपए का आयल मिलाया जाता है। एक लीटर पेट्रोल में ऑटो 20 से 25 किमी चलता है। इस तरह 78 रुपए पेट्रोल रेट होने से 20 रुपए का पेट्रोल खर्च होता था, जो अब 15 रुपए हो रहा है। इस बचत का फायदा ऑटो संचालकों को तो मिल रहा है, लेकिन यात्रियों को नहीं।
हबीबगंज स्टेशन से इन जगहों पर जाने के लिए प्रीपेड बूथ पर लिया जा रहा है इतना किराया...
- हबीबगंज स्टेशन से सुभाष नगर -45 रुपए-4 किमी
- हबीबगंज स्टेशन से वृंदावन गार्डन- 64 रुपए-6 किमी
- हबीबगंज से एलएनसीटी कॉलेज-140 रुपए-12 किमी
- हबीबगंज से साक्षी ढाबा, नीलबढ़-105 रुपए-12 किमी
- हबीबगंज से करोंद चौराहा-160 रुपए-13 किमी
- हबीबगंज से लालघाटी-120 रुपए-14 किमी
इसलिए नहीं कर रहे दाम कम
ऑटो चालकों का तर्क है- 'प्री-पेड किराया लिस्ट 2012 की थी, उस समय पेट्रोल 65 रुपए प्रति लीटर था। बाद में पेट्रोल और आयल के दाम तेजी से बढ़े, लेकिन किराया यही रहा। अब पेट्रोल के दाम तो घटे, लेकिन आयल 180 रुपए से बढ़कर 220 रुपए लीटर हो गया है। इसलिए रेट कम नहीं किया जाना चाहिए। वैसे भी किराया तो आरटीओ तय करता है।'
छह महीने पहले पेट्रोल 78 रुपए लीटर
छह महीने पहले भोपाल में पेट्रोल के रेट 78 रुपए था, तो डीजल का रेट 64 रुपए प्रति लीटर। अब पेट्रोल का रेट 16 रुपए प्रति लीटर कम हो गया है।
4 साल पहले इस रेट पर मिलता था पेट्रोल
भोपाल में 4 फरवरी से पेट्रोल 62.27 रुपए और डीजल 52.69 रुपए प्रति लीटर हैं। 2011 में पेट्रोल इसी रेट पर था।
किराया कम करने की कोई तैयारी नहीं
ऑटो का प्रीपेड किराया तो अभी पुराना ही चल रहा है। ऑटो के किराया रेट को लेकर न तो कोई मीटिंग हुई है और न ही इस बारे में कोई बात हुई है।
अजय गुप्ता, आरटीओ