इंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के पास कॉपियां और परचे छापने के लिए कागज खत्म होने का मामला गरमाने के बाद ताबड़तोड़ खरीदी की तैयारियां तेज कर दी गई है।
तय किया गया है कि डेढ़ सौ टन कागज तो तत्काल खरीदा जाएगा। इसके लिए असम की हिंदुस्तान पेपर मिल को आर्डर दिया जा रहा है। इतना ही नहीं नवंबर-दिसंबर की परीक्षा के लिए साढ़े तीन सौ टन कागज अलग से खरीदने की दिशा में भी प्रयास शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि फायनेंस विभाग से इसके लिए जल्द अलग से अनुमति ली जाएगी और नए रेट के अनुसार बजट मंजूर करवाया जाएगा।
दरअसल अब अगली किसी भी परीक्षा के परचे और कापियां छापने से प्रिंटिंग प्रेस ने हाथ ऊंचे कर दिए हैं। ऐसे में उसकी अगली तमाम परीक्षाओं पर संकट उत्पन्न हो गया है। यह स्थिति तब है जब यूनिवर्सिटी परीक्षाओं का शेड्यूल पटरी पर लाने की कवायद में जुटी है। फिलहाल पीजी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं, जबकि प्रोफेशनल कोर्स की कई परीक्षाएं इसी माह या अगले माह होना है।
कॉलेजों से भी मांगी है कॉपियां
प्रबंधन ने परीक्षाओं के लिए कॉलेजों से कॉपियां मांगी हैं। यूनिवर्सिटी खुद कॉलेजों को अलग-अलग परीक्षा के दौरान अतिरिक्त कॉपियां भेजती हैं। प्रबंधन ने सभी कॉलेजों से कहा है कि जिनके पास भी ये कॉपियां बची हों वे तत्काल यूनिवर्सिटी को भिजवाएं। बहरहाल यह पहला मौका नहीं है जब यूनिवर्सिटी में इस तरह की स्थिति बनी है। इससे पहले भी ऐसी नौबत आ चुकी है। लेकिन प्रबंधन ने उससे सबक नहीं लिया।