इंदौर. लॉटरी के नाम पर ठगी के आरोपियों की तलाश में एरोड्रम पुलिस की टीम रीवा भेजी गई है। अब तक गिरफ्तार पांच आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को नई जानकारी मिली है। यह सभी खाता धारक हैं। मुख्य कड़ी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
टीआई एरोड्रम कन्हैयालाल दांगी ने गुरुवार को सौरभ बघेल निवासी ग्राम गोदाह, रीवा और शिवम पांडे निवासी ओडकी, रीवा को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को जेल भेज दिया गया। शिवम बीई जबकि सौरभ 12वीं का छात्र है।
इससे पहले गिरोह के राकेश कुशवाह, मुकेश कुशवाह तथा विकास गुप्ता को गिरफ्तार किया था। यह तीनों भी छात्र थे। पूछताछ में खुलासा हुआ चक्रधर, सत्यम, शिवेंद्र व चक्रधर का भाई गिरोह के सरगना हैं। वे दूसरे शहर से पढऩे आए छात्रों को टारगेट करते थे। छात्रों के खर्च ज्यादा होते थे तो वे रुपयों के लालच में अपना एटीएम कार्ड इन लड़कों को दे देते। बाद में उन्हें महीने के 1500 से 2000 रुपए मिल जाते। गिरोह वाले कुछ खाते तो खुद इन लड़कों के नाम से खुलवा लेते थे। चारों आरोपी रीवा के हैं।