इंदौर. लक्ष्मीबाई नगर-फतेहाबाद के बीच अधूरे काम पर ही रेलवे अधिकारियों ने सीआरएस (कमिश्नर रेलवे सेफ्टी) इंस्पेक्शन करवा लिया। हालांकि अभी सेक्शन के बीच बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म का निर्माण अधूरा है।
जानकारों का मानना है कि जिस हिसाब से निर्माण कार्य की गति है, 15-20 दिनों में भी काम पूरा नहीं होगा, यानी इतने दिन और इंतजार करना होगा। अधूरे निर्माण के बीच ट्रेन भी कैसे चलेगी।
उधर, इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से बात की हैं। लक्ष्मीबाईनगर-फतेहाबाद के बीच ट्रैक का काम पूरा हो गया है। हालांकि अब भी लक्ष्मीबाई नगर, पालिया में स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण अधूरा है। सिग्नलिंग का काम भी पूरा नहीं हुआ है। सेक्शन के ज्यादातर हिस्से में यही स्थिति है।
सीआरएस ने ट्रैक का क्लियरेंस दिया था
पिछले महीने ट्रैक पर सीआरएस इंस्पेक्शन हुआ था। इसमें ट्रैक को तो हरी झंडी दे दी गई थी, लेकिन साथ में यह कहा था कि जो निर्माण कार्य अधूरा है, उसे आठ दिन में पूरा कर लिया जाए। इस हिसाब से सितंबर के पहले सप्ताह तक काम पूरा होकर ट्रेन चलना थी।
ताई ने भी की रेलवे बोर्ड को शिकायत
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने रेलवे बोर्ड के अधिकारियों को शिकायत की है कि निर्माण अभी भी अधूरा है। स्टेशन बिल्डिंग, सिग्नलिंग का काम पूरा नहीं हुआ है।
अधिकारी कहेंगे तब ट्रेन चलेगी
सीआरएस इंस्पेक्शन हो गया है। हमें रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के आदेश का इंतजार है। - ललिता वेंकटरामन, डीआरएम