इंदौर। इंटरनेशनल चेस खिलाड़ी इंदौर के अक्षत खंपारिया एक साथ 70 खिलाड़ियों के साथ शतरंज खेलेंगे। यह आयोजन आईआईएम इंदौर में 14 सितंबर को शाम 5.30 बजे से आरंभ होगा।
सायमल्टेनियस चेस प्रदर्शनी में खिलाड़ी के रूप में आईआईएम के छात्र और फेकल्टी मेंबर हिस्सा लेंगे। इसमें अक्षत एक साथ 70 बोर्ड पर खिलाड़ियों की चालों का सामना करेंगे। इसमें अक्षत सभी बिसात के आगे जाकर अपनी चाल चलेंगे और विरोधी खिलाड़ी के दांव चलने के बाद वे दूसरे खिलाड़ी के पास जाएंगे।
यह मुकाबला लगभग 5 घंटे चलेगा। हारने वाले खिलाड़ी बाहर होते जाएंगे। इसमें कुछ खिलाड़ी जीतेंगे और कुछ मुकाबले ड्रॉ भी हो सकते हैं। अक्षत कुछ दिनों पहले भिलाई में ऐसे ही मैच में 50 खिलाड़ियों का सामना कर चुके हैं।
इंदौर में यह आयोजन संभवत: पहली बार हो रहा है। अक्षत ने कहा यह शतरंज को लेकर एक अभिनव प्रयोग है। इसमें मेरे विरोधी खिलाड़ियों के पास चाल चलने के लिए पूरा समय होगा। यह शतरंज स्पर्धा का आयोजन खेल के प्रति रूचि बढ़ाने और इसे बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।