इंदौर. भोपाल में पदस्थ इंदौर के रहने वाले एक मजिस्ट्रेट के घर चोरों ने धावा बोला और सोने के जेवर सहित 80 हजार का माल चुरा ले गए। मजिस्ट्रेट ने मामले में शिकायत आवेदन देकर पलासिया पुलिस को घटना बताई तो पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।
पलासिया टीआई एस पी सिंह कुशवाह ने बताया घटना साकेत नगर में अमित रंजन समाधिया के यहां हुई है। उन्होंने बताया वे भोपाल में मजिस्ट्रेट हैं। कोई बदमाश घर की अलमारी में रखी 10 ग्राम सोने की चेन, 7 ग्राम सोने की अंगूठी, 3 ग्राम सोने का माता जी का लॉकेट, डेढ़ ग्राम सोने का एक ओम का लॉकेट, 20 हजार रुपए कैश सहित 80 हजार का माल चुरा ले गया। टीआई कुशवाह ने बताया चोरी को लेकर घर के ही किसी नौकर पर शक है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।