(प्रतीकात्मक तस्वीर)
इंदौर. प्रदेश के बाहर माल की खरीदी-बिक्री करने वाले करीब एक लाख व्यापारियों को शासन ने बड़ी राहत देते हुए फार्म 49 की सुविधा
मोबाइल पर दे दी है। यह खबर लगते ही व्यापारियों में खुशी है। अहिल्या चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने कहा कि टैक्स रिटर्न का फार्म वापस लेने के बाद शासन ने यह दूसरा बड़ा कदम उठाया है, जिससे व्यापारियों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए वित्त मंत्री जयंत मलैया, पीएस मनोज श्रीवास्तव व कमिश्नर अमित राठौर सभी ने अच्छा काम किया है। वित्तमंत्री के इंदौर आने पर उनका स्वागत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अब व्यापारियों को फार्म ४९ डाउनलोड कर उसे ट्रक में माल परिवहन के साथ भेजने के लिए परेशान नहीं होना होगा। व्यापारी अपने मोबाइल से माल परिवहन की जानकारी विभाग के एक नंबर पर भेजेगा, वहां से उन्हें एसएमएस से एक कोड मिलेगा, जो वह माल का परिवहन कर रहे ट्रक ड्राइवर को दे सकेंगे। ड्राइवर यह कोड दिखाकर चौकी से आ-जा सकेंगे।
इस संबंध में शासन ने नोटिफिकेशन कर दिया है, साथ ही वाणिज्यिक कर विभाग ने इस सुविधा का ट्रायल भी शुरू हो गया है। ट्रायल प्रारंभिक तौर पर सफल रहा है और संभवत: एक सप्ताह में वित्त मंत्री जयंत मलैया एक कार्यक्रम आयोजित कर इस सुविधा को औपचारिक रूप से लांच करेंगे।