(कुलपति डॉ. डी.पी. सिंह)
इंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी का बीकॉम दूसरे सेमेस्टर का रिजल्ट परीक्षा के तीन माह बाद भी घोषित नहीं किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कुलपति डॉ. डी.पी. सिंह ने भी इस मामले में मूल्यांकन केंद्र से तत्काल जानकारी मांगी है। साथ ही यह भी कहा है कि जो रिजल्ट अटके हैं, उन्हें 10 दिन में घोषित करें।
दरअसल रिजल्ट लेट होने के पीछे अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। कहा जा रहा था कि कुछ छात्रों की कॉपियां गुम हो गई है। हालांकि मूल्यांकन केंद्र इससे इंकार कर रहा है। वहीं केंद्र से जुड़े लोगों का कहना है कि कुछ कॉपियां बाहर भेजी गई है जो वापस नहीं आई है। केंद्र इन कॉपियों को लेकर पिछले 15 दिन से लगातार ग्वालियर संपर्क कर रहा है। लेटलतीफी से परेशान यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने मूल्यांकन केंद्र को पत्र लिखकर भी लिखित में कारण पूछा था।
दरअसल 19 जून को बीकॉम सेकंड सेमेस्टर की परीक्षाएं खत्म हो गई थी। तब कहा गया था कि 20 अगस्त तक हर हाल में रिजल्ट आ जाएगा। लेकिन अब रिजल्ट के लिए पूछताछ करने आ रहे छात्रों को रोजाना दो दिन में रिजल्ट आने की बात कहकर लौटाया जा रहा है। अभी भी प्रबंधन का कहना है कि कम से कम 10 दिन का वक्त और लगेगा।