इंदौर. साधू वासवानी नगर में एक युवक पर पांच युवकों द्वारा किए गए हमले में पुलिस को पता चला है कि युवकों ने 6 माह पूर्व उसके भाई पर हमला किया था जिसका उसने विरोध किया था इसलिए बदमाशों ने उसे भी चाकू मार कर घायल कर दिया।
मामले में जांच कर रहे सीएसपी शशिकांत कनकने ने बताया कि घायल युवक कुणाल पिता कन्हैया लाल बाल चंदानी (18) है। 6 माह पूर्व उसके छोटे भाई भानू को हिमांशु योगी और उसके साथियों ने धमकाया था और चांटा मार दिया था। इस बात पर कुणाल ने अपने भाई के साथ जाकर युवकों का विरोध किया ता और उन्हें सही से रहने का बोलकर समझाकर आया था। इसी खुन्नस में पांचों युवकों ने कुणाल पर चाकू से हमला कर दिया। कुणाल को दाड़ी पर चोट आई है। उसे उपचार के लिए आनंद हॉस्पिटल में भर्ती किया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। मामले में आरोपी हिमांशु योगी की तलाश कर रहे हैं। उसके खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है। पुलिस को आरोपी हिमांशु योगी से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। सोमवार को हमारी एक टीम ने उसके वीर सावरकर नगर स्थित घर पर भी दबिश दी थी। उसकी व उसके साथियों की तलाश में एक टीम लगी है।