आरोपी महिला पुलिस गिरफ्त में।
इंदौर. 50 लाख रुपए की हेराफेरी कर करीब सात महीने से आंख-मिचोली का खेल-खेल रही महिला को पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर गिरफ्तार किया है। पुलिस से महिला को छोड़ने के लिए परिजनों ने खूब मिन्नतें की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। महिला ने पुत्र के साथ मिलकर प्रापर्टी के पेपरों में हेराफेरी की है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया, उसका पुत्र पहले से जेल में है। आरोपी महिला का नाम रशीदा पति शब्बीर निवासी सैफी नगर है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने तीन साल पहले दुबई निवासी असगर भाई पिता अली हुसैन से सैफी नगर का मकान बेचने का अनुबंध कर 50 लाख रुपए लिए थे। बाद में पता चला कि दोनों ने मकान बैंक में गिरवी रखकर 72 लाख रुपए का लोन ले रखा है। इस पर असगर भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस कायम किया है। महिला को थाना सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसका पुत्र मुस्तफा पहले से ही जेल में है।
लंबे समय से पुलिस से बच रही थी : आरोपी महिला करीब सात महीने से पुलिस को धोखा दे रही थी। सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि वह घर में छिपी हुई है। जानकारी लगते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर जा पहुंची। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही महिला ने अंदर से दरवाज बंद कर लिया। पुलिस ने कई बार उससे दरवाजा खोलने का कहा लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस जवानों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। पुलिस को अंदर देख महिला दूसरे रास्ते से भागने लगी, इसी दौरान महिला कांस्टेबल ने उसे दबोच लिया।
ऐसे ठगा : पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने अपने घर का सौदा दुबई के कारोबारी असगर अली से किया था। सौदा एक करोड़ 60 लाख रुपए में तय हुआ था। अली ने इन्हें बयाने के तौर पर 50 लाख रुपए दिए। उन्होंने कुछ पैसे चेक और कुछ रुपए कैश दिए थे। बाद में अली को पता चला की इन्होंने घर को पहले ही बैंक को गिरवी रख रखा है।
आगे की स्लाइड पर देखें गिरफ्तारी के दौरान की तस्वीरें...