इंदौर. एमजीएम मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के खिलाफ संयोगितागंज पुलिस ने धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मंगलवार को प्रकरण दर्ज कर लिया। छात्र अपने स्थान पर स्कोरर को बैठाकर पास हुआ था। बुधवार सुबह 11.30 बजे पुलिस टीम छात्र की तलाश में कॉलेज पहुंची।
संयोगितागंज थाने के एसआई वीबी मिश्रा ने बताया ग्वालियर के रहने वाले पुरुषोत्तम पिता लल्लीराम खोई के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एमजीएम की डीन ने इस संबंध में शिकायत की थी। उन्हें मार्च 2014 में एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ था। इसमें कहा गया था कि पुरुषोत्तम ने स्कोरर बैठाकर परीक्षा पास की है। इस पर डीन ने कमेटी बनाकर जांच करवाई तो पता चला पुरुषोत्तम ने 2009 में एडमिशन लिया था। कॉलेज के रिकॉर्ड और व्यापमं के रिकॉर्ड के फोटो का मिलान कराया गया तो गड़बड़ी पकड़ी गई। इस आधार पर कमेटी ने रिपोर्ट दी। पुलिस ने कॉलेज से दस्तावेजों की प्रमाणित कॉपी और व्यापमं से जानकारी लेने के बाद केस दर्ज किया। अब इस मामले की भी जांच एसआईटी से कराई जाएगी।