इंदौर। नगर निगम अफसरों ने मतदाता सूची में ऐसा कमाल किया है कि एक वार्ड पार्षद का नाम ही हटा दिया। यहां तक उसके घर के आस-पास की तीन गलियों को ही हटा दिया गया।
इसकी सूचना जैसे ही पार्षद पति रमेश सरोज भारद्वाज को लगी तो वो तत्काल निगम में चल रही मतदाता सूची का अवलोकन करने पहुंचें। यहां पार्षद ने सूची देखी तो वास्तव में उनका नाम ही उड़ा दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षद तत्काल कलेक्टोरेट कार्यालय क्र. 108 में आपत्ति दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन यहां भी कोई कर्मचारी नहीं मिला। करीब एक घंटे तक भटकने के बाद पार्षद ने कलेक्टर के नाम ही आपत्ति लिखकर दे दीं। इसमें बताया गया कि किस तरह से षड्यंत्रपूर्वक उनका नाम हटाया गया हैं।
मेरा घर ही गायब कर दिया
पार्षद ने आरोप लगाए कि न्यू पलासिया रोड नंबर 2, रोड नंबर तीन और जैन दिवाकर रोड के पूरे नामों की सूची प्रकाशन में नहीं है। प्रकाशन में सिर्फ 2 सूची हैं। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि वर्तमान में मैं पार्षद हूं और मेरा निवास 6/2 न्यू पलासिया है और वहीं सूची से गायब है। इसके अलावा दबंग दुनिया समाचार पत्र का कार्यालय भी मेरे वार्ड में आता है। इसे भी सूची से गायब कर दिया गया। इसीलिए ये पूरी सूची प्रकाशित करने का आदेश कलेक्टर दें।