फोटो: खौलता तेल फेंके जाने के बाद झुलसी सोनू।
इंदौर. शहर के एक शख्स ने अपनी पत्नी और मां के ऊपर खौलता तेल फेंककर उन्हें झुलसा दिया। इस दौरान आरोपी शख्स का साथ एक अन्य महिला, उसका पति और उसकी मां दे रही थीं। हादसे में बुरी तरह से झुलसी बहू और उसकी जख्मी सास का इलाज चल रहा है। यह वारदात इंदौर के बाणगंगा थाने के तहत भागीरथपुरा में हुई। जख्मी महिला के पति, हमले को अंजाम देने वाली महिला और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार भागीरथपुरा के रहने वाले श्रवण यादव की उसकी 24 साल की पत्नी सोनू से अनबन चल रही थी। सोनू का आरोप है कि श्रवण का पड़ोस में रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध है। सोनू श्रवण की मां और अपनी सास गीताबाई के साथ रहती है। श्रवण दो साल से सोनू से अलग रह रहा है। सोनू का कहना है कि उसने श्रवण के अलग रहने और अवैध संबंध रखने को लेकर कई बार बाणगंगा थाने में शिकायत कर चुकी है, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सोनू ने उस महिला पर देह व्यापार में लिप्त होने का भी आरोप लगाया, जिसके साथ उसका पति रह रहा है। सोनू का दावा है कि उसका पति भी उस पर जिस्मफरोशी करने के लिए दबाव बनाता था।
सोनू के मुताबिक, 'आरोपी महिला मेरे घर पहुंची और जोर-जोर से दरवाजे पर दस्तक देने लगी। महिला बाहर से चिल्ला रही थी कि श्रवण घर में है या नहीं। मैंने जैसे ही गेट खोला उस महिला ने अपनी मां और मेरे पति श्रवण के साथ मिलकर मेरे ऊपर गर्म तेल फेंक दिया। मेरे ठीक पीछे मेरी सास गीता बाई खड़ी थीं। तेल से वह भी जल गईं। घटना के बाद आरोपी महिलाएं श्रवण के साथ वहां से भाग निकले।' सोनू ने अपने पति, महिला और उसके पति और उसकी मां पर तेल फेंकने का आरोप लगाया है।
श्रवण की मां गीताबाई का कहना है कि घटना के कुछ देर पहले श्रवण घर पर मिलने आया था। जिसके बाद वह घर से चला गया था। उसके जाने के कुछ ही देर बाद यह हादसा हो गया। सोनू के परिवार का कहना कि जिस महिला ने घटना को अंजाम दिया है, वह अनैतिक गतिविधियां संचालित करती है। दो दिन पहले भी इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था।