इंदौर. चिटफंड कंपनियों के खिलाफ प्रशासन की मुहिम और तेज हो गई है। एसडीएम सपना शिवाले ने बुधवार को जीएन गोल्ड कंपनी पर छापे की कार्रवाई की थी, वहां दफ्तर बंद मिलने पर दफ्तर सील कर दिया गया था।
गुरूवार को उसकी साथी कंपनी जीएन डेयरी के खिलाफ शिकायत मिली और एसडीएम शिवाले ने एक बार फिर कंपनी के मेट्रो टॉवर में बने दफ्तर पर कार्रवाई की। वहां भी कोई नहीं मिला, जिस पर कंपनी के दफ्तर पर ताला लगा दिया गया।
शिवाले ने बताया कि कंपनी के खिलाफ निवेशकों से राशि वसूलने और उसे अधिक ब्याज पर वापस लौटाने का वादा कर पॉलिसी बेची गई थी। इसके खिलाफ शिकायत में दस्तावेज मिले थे, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
एसडीएम ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान ले रहे हैं, और इसके बाद कंपनी के खिलाफ थाने में प्रकरण भी दर्ज कराया जाएगा। इसमें धोखाधड़ी का मामला बनेगा।