फाइल फोटो : एसपी रेडियो प्रांजलि शुक्ला।
इंदौर. भोपाल में पदस्थ एएसपी रेडियो प्रांजलि शुक्ला के इंदौर में रह रहे पिता के सूने मकान से चोरों ने लाखों के जेवरात व नकदी चुरा ली। चोरों ने सात अलमारियां तोड़ी। अनुमान है कि चोरी गया सोना 25 तोला से ज्यादा है। इसकी पुष्टि परिवार के लौटने पर हो पाएगी।
परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक प्रांजलि के पिता मुन्नालाल वर्मा क्लर्क कॉलोनी में रहते हैं। वे एसबीआई से कैशियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनका बेटा हेमंत मुंबई में साफ्टवेयर इंजीनियर है। पिछले दिनों हेमंत के बेटे आशु को चोट लग गई थी। उसे देखने मुन्नालाल और उनकी पत्नी इंद्रा 12 सितंबर को मुंबई गए थे।
पास में ही इंद्रा की बहन व अन्य रिश्तेदार रहते हैं। बुधवार शाम परिजन घर में दीया लगाने के बाद ताला लगाकर गए थे। गुरुवार दोपहर नौकरानी राजकुमारी बाहर की साफ-सफाई करने आई तो उसे गेट और खिड़की टूटी दिखी। उसने रिश्तेदारों को बताया। रिश्तेदारों ने वर्मा को घटना की खबर दी।
घर में दो घंटे रहे चोर
पुलिस ने पास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो पता चला रात 1 बजे रिक्शा एमआर-9 की तरफ से आकर वहां रुका था। उसमें चार लोग थे। एक व्यक्ति अंदर गया। बाद में बाइक वाला भी वहां आ गया। करीब दो घंटे बाद चोर अंदर से निकला और बाइक वाले के साथ बैठकर निकल गया।
एलसीडी लॉन में छोड़ गए
चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़ने के बाद तीन कमरों की लोहे व लकड़ी की सात अलमारियां तोड़ीं। बहू सोनिया के कमरे में रखे सारे जेवरात निकाल लिए। उन्होंने हॉल में रखी पचास इंच की एलसीडी भी निकाल ली थी, उसे चादर में लपेट लिया, लेकिन ले जा नहीं सके और बाहर लॉन में छोड़ गए। चोरों ने टैरेस का दरवाजा खोला व साइड के कमरे का दरवाजा भी खुला रखा और एक कमरे की खिड़की की ग्रिल भी निकाली।
फोटो - संदीप जैन
आगे की स्लाइड पर देखें तस्वीरें...