इंदौर. सेंट्रल एक्साइज एंड कस्टम विभाग ने सर्विस टैक्स चोरी के मामले में गुरुवार को बिल्डर संजय ठाकुर के यहां छापे की कार्रवाई की थी। कमिश्नर जेपी ममगेन के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर अरविंद शरण के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में जांच में 20 लाख की टैक्स चोरी पकड़ी गई।
बिल्डर ने शुक्रवार को विभाग को 15 लाख रुपए का टैक्स जमा करा दिया। बिल्डर ने विभाग के अधिकारियों से वादा किया है कि वह सोमवार को सर्विस टैक्स का रजिस्ट्रेशन लेने के लिए आवेदन भी कर देंगे। वहीं जांच के दौरान पाया गया कि बिल्डर ने लोगों से तो सर्विस टैक्स वसूला है, लेकिन बाद में उन कागजों पर वाइटनर लगाकर उसे छिपा दिया और लोगों से लिया गया सर्विस टैक्स अपने खाते में जमा करा लिया। यह भी सामने आया कि बिल्डर ने करीब ५१ फ्लैट बेचे हैं, जिनसे 5 करोड़ रुपए की कमाई की, लेकिन टैक्स जमा नहीं कराया।