फोटो : चैंपियन दिल्ली की टीम ट्रॉफी और अतिथियों के साथ।
इंदौर। मध्यप्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय सबजूनियर हैंडबाल स्पर्धा के बालक वर्ग में दिल्ली की टीम ने विजेता रही। नेहरू स्टेडियम में खेली गई इस स्पर्धा के रोमांचक खिताबी मुकाबले में दिल्ली ने हरियाणा को 24-21 से पराजित किया।
दोनों टीमों के मध्य हर एक गोल के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ में जहां हरियाणा की टीम हावी थी तो वहीं दूसरे हाफ में दिल्ली ने अपना दबदबा बनाते हुए बाजी अपने नाम कर ली। तीसरे स्थान के लिये हुए मुकाबले में मेजबान मध्यप्रदेश ने भारतीय खेल प्राधिकरण को 37-29 से हराया। मध्यप्रदेश ने आसानी से साई की टीम को हरा दिया।
स्पर्धा के पुरस्कार मध्यप्रदेश ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला के मुख्य आतिथ्य में वितरित किए गए। विशेष अतिथि के रूप में इस्पोरा अध्यक्ष ओमोनी, भारतीय हैंडबाल संघ के कोषाध्यक्ष बशीर अहमद, जिला खेल अधिकारी राजेश शाक्य और मध्यप्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के सचिव प्रितपाल सिंह सलूजा भी मौजूद थे।