इंदौर. इंदौर-फतेहाबाद के बीच नई लाइन पर 10 दिन में ट्रेन शुरू नहीं हुई, तो ट्रेन रोको आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने डीआरएम के नाम ज्ञापन देकर रेलवे अधिकारियों को यह बात कही। उन्होंने अधिकारियों का घेराव भी किया। शनिवार को विधायक तुलसी सिलावट, प्रवक्ता मंजूर बेग ने स्टेशन अधीक्षक गुलाबसिंह गेहलोत, पीआरओ जितेंद्र कुमार जयंत को डीआरएम के नाम ज्ञापन दिया। इसमें कहा कि सीआरएस की ओके रिपोर्ट के बाद भी अब तक ट्रेन क्यों नहीं शुरू की जा रही है। ट्रेन नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
गौरतलब है कि फतेहाबाद से रतलाम के बीच डेमू ट्रेन चल रही है। इंदौर-फतेहाबाद के बीच नई लाइन पर यह सुविधा शुरू होना है, इससे इंदौर-रतलाम के बीच ट्रेन शुरू हो जाएगी।
लोग हो रहे है परेशान: नेताओं ने कहा ट्रेन नहीं चलने से लोग परेशान हो रहे है, बसों से आना-जाना काफी महंगा भी पड़ रहा है। इंदौर-फतेहाबाद के बीच ट्रेन चलने से रतलाम तक की राह आसान हो जाएगी क्योंकि फतेहाबाद-रतलाम के बीच पहले ही ट्रेन चल रही हैं।