इंदौर। श्री अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के तत्वावधान में 25 सितंबर को राजबाड़ा से गांधी हॉल तक शोभायात्रा निकलेगी। यात्रा के बाद समाज का गांधी हॉल में सामाजिक सम्मेलन भी होगा।
अग्रसेन जयंती महोत्सव का पहला निमंत्रण रविवार को खजराना गणेश एवं कुलदेवी महालक्ष्मी को समर्पित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय समिति के अध्यक्ष किशोर गोयल, महामंत्री राजेश बंसल, समन्वयक अरविंद बागड़ी, संजय बांकड़ा, प्रहलाद दादा अग्रवाल आदि मौजूद थे। अध्यक्ष गोयल ने बताया 22 से 25 सितंबर तक प्रतिदिन गांधी हॉल स्थित कार्यालय पर शाम चार बजे से उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक होगी।
महिलाएं संभालेंगी व्यवस्थाएं
अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति महाराजा अग्रसेन की 5138वीं जयंती पर 25 सितंबर को राजबाड़ा से गांधी हॉल तक शोभायात्रा निकालेगी। समाज के प्रमुख महिला संगठनों की बैठक हुई जिसमें कलश, पालकी एवं फेंसी ड्रेस स्पर्धा के लिए समितियों का गठन हुआ। कुलदेवी महालक्ष्मी की पालकी की सभी व्यवस्थाएं महिलाएं ही संभालेंगी।
अग्रवाल महिला मंडल मल्हारगंज, अग्रवाल महिला शक्ति क्लब, अग्रसेन माधवी क्लब, वृंदावन महिला संगठन, अग्रवाल मैत्री संघ, अग्रवाल महिला प्रकोष्ठ सहित आठ प्रमुख संगठनों की सदस्यों की बैठक हुई। इसमें सर्वानुमति से संगीता बागड़ी को महालक्ष्मी की पालकी यात्रा का संयोजक मनोनीत किया गया। तृप्ति गर्ग, कांता अग्रवाल, मनोरमा अग्रवाल भी शामिल की गईं। बैठक में तय किया गया कि पालकी यात्रा महिलाओं के नेतृत्व में निकाली जाएगी, वहीं फैंसी ड्रेस स्पर्धा और कलश यात्रा में एक हजार से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय समिति के अध्यक्ष किशोर गोयल ने की। समिति समन्वयक अरविंद बागड़ी, केंद्रीय समिति महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रतिभा मित्तल सहित अन्य महिलाएं भी उपस्थित थीं।