इंदौर। सयाजी क्लब में आयोजित प्यूमार्थ ट्रॉफी मध्यप्रदेश ओपन इनामी स्नूकर चैंपियनशिप में प्रदेश के उभरते खिलाड़ी केतन चावला विजेता रहे। उन्होंने राकेश विनोदिया को मात दिया। वीरेंद्र शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। फाइनल मुकाबले का पहला फ्रेम राकेश ने 61-12 से जीतकर अपने इरादे जता दिए थे लेकिन इसके बाद केतन ने अपने अनुभव के आधार पर तीनों फ्रेम 65-27, 64-35 तथा 56-45 से जीतकर बाजी अपने नाम कर ली। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में वीरेंद्र शर्मा ने प्रियंक जायसवाल को 72-43, 49-59, 49-45 से हराया।
स्पर्धा के पुरस्कार डॉ. सुधीर खेतावत, प्यूमार्थ के मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज कासलीवाल व सयाजी क्लब के महाप्रबंधक मोहम्मद जियाउल्लाह के आतिथ्य में वितरित किए गए। इस अवसर पर काशीनाथ खरनाल, संजय नागपाल व मनोज खेमानी भी उपस्थित थे। निर्णायक की भूमिका रामलखन ने निभाई। प्रथम पुरस्कार 12,000, द्वितीय 6,000, तृतीय 4,000 तथा चतुर्थ 2,000 रुपए का दिया गया। इसके अलावा अनेक व्यक्तिगत पुरस्कारों में नकद राशि वितरित की गई।