इंदौर. जिले में किसानों को खेती की आधुनिक व उन्नत तकनीक की जानकारी देने के लिए आज से कृषि महोत्सव का शुभारंभ हुआ है। सुबह कलेक्टोरेट में कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने विशेष कृषि रथ को जिले के गांवों में भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाई, उनके साथ जिला पंचायत सीईओ आशीष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ओम परसावदिया व अन्य उपस्थित थे। कृषि रथ जिले के 300 से अधिक गांवों में जाएगा। यहां हर गांव में उसका स्वागत फूलों की जगह अनाज देकर किया जाएगा। रथ हर गांव से 20 मिट्टी के नमूने भी लेगा और इसकी जांच की जाएगी, जिससे पता चल सके कि हर गांव में मिट्टी की उर्वरता की क्या स्थिति है। यह अभियान पूरे 25 दिन चलेगा और 20 अक्टूबर को कृषि महोत्सव खत्म होगा। इस दौरान सहकारिता, बिजली विभाग व अन्य विभागों द्वारा किसानों को उनके हित की महत्वपूर्ण योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।