(शेहला मसूद)
इंदौर. भोपाल की आरटीआई कार्यकर्ता शेहला मसूद हत्याकांड की असल कहानी आरोपी इरफान अब 16 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट के समक्ष बयां करेगा। गुरुवार को इस मामले की सुनवाई हुई। सीबीआई की तरफ से कोर्ट में एक सीडी, कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए हैं। कोर्ट इनका परीक्षण करेगा।
सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश राजीव कुमार अयाची की कोर्ट में आरोपी सबा फारुकी की तरफ से एडवोकेट सुनील श्रीवास्तव ने एक आवेदन लगाया। सबा को पेट संबंधी एक बीमारी जिसका सर्जिकल आपरेशन किया जाना है। जिस बीमारी का इलाज किया जा रहा है उसके दस्तावेज देने के लिए मांग की है। इरफान ने खुद ही अपना जुर्म करते हुए हत्याकांड की सच्चाई बताने का आवेदन कोर्ट में किया था, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया था।
महीनों बाद आया असद परवेज : हत्याकांड की प्रमुख आरोपी जाहिदा का पति कई महीनों बाद जिला कोर्ट परिसर में नजर आया। सूत्रों के मुताबिक वह एक सब रजिस्ट्रार को साथ लेकर आया था। जाहिदा और वह जिस संपत्ति के संयुक्त मालिक हैं, उसका पावर अपने नाम कराने के लिए जाहिदा से दस्तखत कराने आया था। पूरे समय असद मीडिया से छिपता रहा। यह भी बताया जा रहा है कि असद अपना पूरा कामकाज भोपाल से समेटकर किसी दूसरे शहर में शिफ्ट हो रहा है।