फोटो : इंचियोन एशियाड में रजत पदक विजेता एएमयू महू के शूटर्स गुरप्रीत सिंह (बाएं से), विजय कुमार और पेम्बा तमांग।
इंदौर। आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट (एएमयू) महू के शूटर्स ने फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंचियोन एशियाड में भारतीय टीम को रजत पदक दिलाया। ओलिंपिक रजत पदक विजेता निशानेबाज विजय कुमार, पेम्बा तमांग और गुरप्रीत सिंह ने 17वें
एशियाई खेलों में भारत को 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल टीम स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक जीता।
भारतीय टीम ने 1740 अंक बनाकर मेजबान कोरिया को सिर्फ एक अंक से पछाड़ा। चीन ने 1742 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। लंदन ओलिंपिक रजत पदक विजेता विजय ने रैपिड सीरिज में 100, 98, 96 का स्कोर किया जबकि तमांग ने 99, 97, 97 और गुरप्रीत ने 95, 96, 97 का स्कोर किया। प्रीसिशन में विजय ने 95, 94 और 96 अंक बनाए जबकि तमांग ने 93, 96, 99 का स्कोर किया। गुरप्रीत ने 98, 99, 95 का स्कोर किया।
सूबेदार मेजर विजय कुमार, सूबेदार पेम्बा तमांग और नायब सूबेदार गुरप्रीत सिंह महू में पदस्थ हैं। एएमयू के कमांडिंग ऑफिसर और चीफ कोच कर्नल ललित शर्मा ने इन्हें गेम्स के लिए लंबे समय तक कड़ा प्रशिक्षण दिया है। इससे पहले एएमयू के ही नायब सूबेदार जीतू राय ने इंचियोन एशियाड में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था।
इंचियोन एशियन गेम्स के मुकाबलों के पहले ही दिन भारत के निशानेबाज जीतू राय ने अचूक निशाना साधते हुए 50 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल की टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। युवा जीतू राय इस साल लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में भी जीतू राय ने स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने पिछले दिनों ग्रेनाडा में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर रियो ओलिंपिक कोटा हासिल किया था। उन्होंने 2014 के जून से छह स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाई है। हालांकि पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में एएमयू के जीतू राय, ओमप्रकाश और ओमकार सिंह की भारतीय टीम 1665 अंक लेकर चौथे स्थान पर रही।