पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रतलाम में सांप्रदायिक तनाव : पार्षद पर हमले के बाद वीएचपी के जिला संयोजक को गोली मारी

रतलाम में सांप्रदायिक तनाव : पार्षद पर हमले के बाद वीएचपी के जिला संयोजक को गोली मारी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शवयात्रा के दौरान पथराव करते लोगाें को पुलिस ने खदेड़ा।
रतलाम/इंदौर. पार्षद पर जानलेवा हमले और हिंदूवादी नेता की हत्या के कारण शहर में लगा कर्फ्यू सोमवार को भी जारी रहेगा। रविवार को कर्फ्यू के बीच हिंदूवादी नेता की शवयात्रा के दौरान आक्रोशित लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की। वाहन जलाए और संवेदना जताने आए शहर विधायक चेतन्य काश्यप को खदेड़ दिया। प्रशासन ने सेामवार को भी कर्फ्यू जारी रखने का निर्णय लिया। इसके चलते स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। शहर के चप्पे-चप्पे को पुलिस ने घेर रखा है। कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों को पीटा जा रहा है। इंदौर में भर्ती पार्षद यास्मीन शेरानी व विक्रम राठौड़ की हालत में सुधार है।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक कपिल राठौड़ का शव रविवार सुबह 10 बजे धीरज शाहनगर स्थित निवास पहुंचा। करीब 3 हजार से अधिक लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। डीआईजी, एसपी व भारी सुरक्षा बल के बीच शवयात्रा निकली, लेकिन लक्कड़पीठा, चांदनी चौक, त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में शवयात्रा में शामिल लोगों ने घरों पर पथराव कर दिया। खिड़कियों के कांच फोड़ दिए। श्मशान रोड पर भगतपुरी के पास एक वाहन में आग लगा दी।
विधायक को श्मशान से खदेड़ा
शहर विधायक चेतन्य काश्यप अंतिम संस्कार में शामिल होने त्रिवेणी श्मशान पहुंचे तो आक्रोशित लोग उनसे हाथापाई कर बैठे। नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। हालात ज्यादा बिगड़ते देख पुलिस-प्रशासन ने शवयात्रा में शामिल लोगों को बसाें में भरकर उनके घरों तक भेजा। विधायक काश्यप के मुताबिक लोगों ने हाथापाई नहीं की। वे आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज थे।
सुबह हुआ पीएम
शनिवार को महू रोड बस स्टैंड पर कपिल की हत्या हुई थी। बचाने में नौकर पुखराज की भी मौत हुई थी और कपिल का भाई विक्रम घायल हुआ था। रविवार सुबह जिला अस्पताल में भारी सुरक्षा के बीच कपिल व पुखराज के शव का पीएम हुआ। 9.30 बजे शव भारी सुरक्षा में घर पहुंचाए गए। पुखराज का शव पीएंडटी कॉलोनी में भाई मनोज के घर पहुंचा। वहां से निगम वाहन में शवयात्रा पुलिस कस्टडी में जवाहरनगर श्मशान पहुंची। जहां अंतिम संस्कार हुआ।
मृतकों के परिजन को 2 लाख की घोषणा
प्रभारी मंत्री पारस जैन ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए व घायलों को 25-25 हजार रुपए देने की घोषणा की। ये राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से दी जाएगी। दोनों घटनाओं में घायल कांग्रेस पार्षद शेरानी व मृतक कपिल का भाई विक्रम उर्फ दीपू का इलाज इंदौर में चल रहा है। दोनों की हालत में अब सुधार है।
ऐसे फैला था तनाव
शहर में हिंसा की शुरुआत शनिवार को दोपहर 12.45 बजे हुई जब नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्षद यास्मीन शेरानी को गोली मार दी गई। अज्ञात नकाबपोश ने शेरानी पर गोली दागी। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना से शेरानी समर्थक आक्रोशित हो गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। बड़ी तादाद में समर्थक दुकानें बंद कराने निकल पड़े। बलपूर्वक दुकानें बंद करवाईं और सामने जो आया उसे पीटते गए।
उत्पातियों का एक समूह दोपहर करीब 2.20 बजे महू रोड बस स्टैंड पहुंचा और यहां विहिप नेता कपिल राठौर की दुकान बंद करा दीं। इसी बीच मुंह पर कपड़ा डालकर आए करीब 5 लोगों ने कपिल पिता शांतिलाल राठौर (33) और उनके भाई विक्रम (30) व नौकर पुखराज (35) पर देसी कट्टे से गोलियां दाग दीं। कपिल व पुखराज की जिला अस्पताल में मौत हो गई। जबकि विक्रम को इंदौर रेफर कर दिया है। राठौर की मौत की खबर जब हिंदूवादी संगठनों तक पहुंचा तो वे आक्रोशित हो गए और हंगामा मच गया। पाकीजा शोरूम में तोड़फोड़ कर दी गई। हालांकि दोपहर 3 बजे अनियंत्रित होने पर प्रभारी कलेक्टर व एडीएम अर्जुन सिंह डाबर ने शहर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया था।
हमले की वजह अज्ञात
पार्षद यास्मीन शेरानी व हिंदूवादी नेता कपिल राठौर पर हमले की वजह पता नहीं चली है। पुलिस इसे जमीन की खरीद फरोख्त, लेन-देन को वजह मानकर चल रही है। फिलहाल पुलिस का ध्यान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर है। शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
शहर में स्थिति तनावपूर्ण है। समीक्षा की है। इसमें यह तय हुआ है कि सोमवार शाम तक कर्फ्यू रखा जाए। सोमवार शाम स्थिति की समीक्षा करेंगे। अगर स्थिित ठीक रही तो प्रशासन की अनुशंसा के बाद मंगलवार से छूट दी जा सकती है। -डॉ. आशीष, एसपी, रतलाम
पार्षद यास्मीन शेरानी पर जानलेवा हमले और बजरंग दल के जिला सहसंयोजक कपिल राठौर की हत्या के बाद शनिवार को शहर में बेमियादी कर्फ्यू लगा दिया गया। जाे रविवार को भी जारी है। हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हैं। मृतकों का अंतिम संस्कार रविवार सुबह पुलिस की निगरानी में किया गया। आईजी वी. मधुकुमार, कमिश्नर रवींद्र कुमार पस्तौर कैंप कर रहे हैं। शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कर्फ्यू के कारण कालिकामाता मेले में होने वाले कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं।
इनपुट : रतलाम टीम, फोटो : चिंटू मेहता, राकेश पोरवाल, प्रदीप नागौरा, नयन डागा, शुभ दसोत्तर।
आगे की स्लाइड पर घटना से जुड़ी तस्वीरें...