प्रतीकात्मक फोटो।
इंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की मूल्यांकन व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में आने तथा मनावर कॉलेज के132 विद्यार्थियों की पूरी क्लास फेल किए जाने की जांच शुरू हो गई है। सभी विद्यार्थियों को एक ही विषय(केमेस्ट्री) में फेल किया गया था। अब विशेषज्ञ रिव्यू करेंगे। इसमें सच सामने आएगा कि किन प्रोफेसरों ने गलत कॉपियां जांची थी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि रिव्यू में सब सच सामने आ जाएगा।
दरअसल नाराज छात्रों का कहना था कि मूल्यांकन व्यवस्था को प्रबंधन ने मजाक बना दिया है। विद्यार्थियों के हंगामे के बाद प्रबंधन ने ताबड़तोड़ मूल्यांकन केंद्र से चर्चा कर पूरे बंडल खुलवाकर दोबारा जंचवाने के निर्देश जारी किए गए थे। हालांकि मूल्यांकन केंद्र की तरफ से कहा गया कि मूल्यांकन में कहीं कोई लापरवाही नहीं हुई है।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब यूनिवर्सिटी पर गलत मूल्यांकन के आरोप लगे हो। पिछले डेढ़ साल में यूनिवर्सिटी ने 35 से ज्यादा परीक्षाओं के रिजल्ट खराब दिए हैं। हर माह औसत दो रिजल्ट पर सवाल उठे हैं। लेकिन प्रबंधन ने इसे मानने और सुधार करने के बजाय हमेशा नजरअंदाज किया। यही वजह है कि अब समस्या प्रबंधन के लिए गले की हड्डी बन गई है।