इंदौर. पीएससी 2012 मुख्य परीक्षा पास कर इंटरव्यू के लिए सिलेक्ट हो चुके अभ्यर्थियों को तगड़ा झटका लग सकता है। प्रबंधन एसटीएफ की वर्तमान रिपोर्ट के आधार पर ही परीक्षा निरस्त करने की तैयारी में है। इसके संकेत सोमवार को हुई बैठक में भी मिले। संभवत: अगले सप्ताह निर्णय हो जाएगा।
हालांकि इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों का अब भी कहना है कि महज कुछ प्रतिभागियों की गड़बड़ के कारण सैकडों अभ्यर्थियों का भविष्य संकट में आ जाएगा। सभी का कहना था परीक्षा निरस्त करने के बजाय आरोपियों पर कार्रवाई की जाना चाहिए। जिस तरह व्यापमं के पीएमटी घोटाले में आरोपी छात्रों की गिरफ्तारी कर कार्रवाई की गई, वैसे ही इसमें भी की जाए। लेकिन इनमें से कोई भी अभ्यर्थी अब तक कोर्ट नहीं गया है। ऐसे में प्रबंधन के लिए अब जल्द निर्णय लेना जरूरी हो गया है।
क्या है मामला
इस परीक्षा का परचा लीक होने की सूचना के बाद एसटीएफ द्वारा की गई जांच रिपोर्ट में यह बात साबित भी हो गई। इसी रिपोर्ट के आधार पर पीएससी यह परीक्षा निरस्त करने की तैयारी में है। 400 पदों के लिए चूंकि 1100 से ज्यादा अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सिलेक्ट हो चुके हैं, इसलिए वे अब खुलकर मोर्चा खोल चुके हैं।