इंदौर. प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे। चुनाव जनवरी-फरवरी के दौरान किए जाएंगे। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग संभवत: मध्य दिसंबर में चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए आचार संहिता लगा देगा।
इस संबंध में चुनाव आयोग ने भोपाल में बैठक भी कर ली है। बैठक के बाद इंदौर लौटे अधिकारियों ने सुबह इसकी जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि मध्य जनवरी में इंदौर जिले में पंचायत चुनाव हो सकते हैं।
नामांकन की प्रक्रिया दिसंबर अंत में ही शुरू हो जाएगी। प्रदेश में तीन चरणों में चुनाव होंगे और हर अगले चरण के पहले करीब 14 दिन का अंतर दिया जाएगा। सरपंच और पंच दोनों के लिए मतपत्र का ही उपयोग किया जाएगा, पहले सरपंच के लिए वोटिंग मशीन का उपयोग करने की बात चुनाव आयोग ने कही थी, लेकिन वोटिंग मशीन पहुंचाने वाली कंपनी ने इतनी मशीन उपलब्ध कराने में असमर्थता जाहिर कर दी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।