इंदौर. नगर निगम चुनाव को लेकर 85 वार्डों का आरक्षण 12 दिसंबर को होगा। इसी के समानांतर चल रही प्रशासन की प्रक्रिया के तहत 11 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन प्रशासन करेगा। इसके बाद सात दिन में दावे-आपत्तियां बुलाने के बाद 19 दिसंबर तक इनका निराकरण हो जाएगा।
22 दिसंबर तक शासन अपनी ओर से राज्य निर्वाचन आयोग की पूरी जानकारी सौंप देगा। संभावना है 22 से 25 दिसंबर तक निगम चुनाव के लिए फिर घोषणा हो जाए। प्रशासनिक सूत्रों की माने तो प्रशासन ने अपने स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है। इसमें 85 वार्डों के लिए आरक्षण होगा।
एससी (अनुसूचित जाति) और एसटी (अनुसूचित जनजाति) के लिए जनसंख्या के आधार पर क्रमश: 13 और 3 वार्ड होंगे। इसमें अनुसूचित जनजाति के तीन वार्ड 77, 75 व 79 होंगे। इसी तरह अनुसूचित जाति के 13 वार्डों में वार्ड 18, 45, 46, 59, 61, 73 24, 26, 30, 35, 36, 47 व 54 शामिल है।
12 को होने वाली प्रक्रिया में पहले इनकी घोषणा होगी। इसके बाद ओबीसी और अनारक्षित श्रेणी के आरक्षण और महिलाओं के आरक्षण होंगे।