इंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए कुलपति डॉ. डी.पी. सिंह द्वारा राज्य शासन को भेजे गए मॉडल यूनिवर्सिटी के प्रस्ताव पर सीएम शिवराजसिंह चौहान भी सहमत हो गए हैं। वे जल्द ही इस प्रस्ताव को विस्तृत रूप से देखेंगे। इसके बाद जनवरी में यह दर्जा डीएवीवी को दिया जा सकता है। मंजूरी के साथ ही शासन की तरफ से 20 करोड़ रुपए तक की राशि दी जा सकती है। उच्च शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता पहले ही इस प्रोजेक्ट पर सहमति दे चुके हैं। संभवत: श्री गुप्ता और प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री से इसी माह प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे।
प्रदेश में सिर्फ इंदौर को यह दर्जा मिलना तय माना जा रहा है। डीएवीवी को मॉडल बनाने के लिए राज्य शासन को पिछले माह ही कुलपति ने प्रस्ताव सौंपा था। यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं जुटाने के लिए 245 करोड़ मांगे गए है। बताया जा रहा है प्रस्ताव में इंटरनेशनल स्तर का हॉस्टल, वूमन स्टडी सेंटर, रिसर्च सेंटर व अन्य अलग-अलग सुविधाएं होना चाहिए। यूनिवर्सिटी के हर विभाग को ऑनलाइन करने संबंधी सुविधाएं जुटाने की बात कही गई है।