इंदौर. पूरे देश के साथ ही इंदौर जिले में भी डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर योजना आगामी एक जनवरी,2015 से लागू होगी। “पहल’’ नामक इस योजना के तहत घरेलू एल.पी.जी उपभोक्ताओं की सब्सिडी अब उनके बैंक खातों में सीधे पहुंचाई जायेगी। इस योजना से जुड़ने के लिये घरेलू एल.पी.जी. उपभोक्ताओं को बैंक और संबंधित गैस एजेंसी में आवश्यक जानकारी देना होगी।
यह जानकारी आज यहां इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कलेक्टर आकाश त्रिपाठी द्वारा ली गयी बैठक में दी गयी। बैठक में खाद्य नियंत्रक सुकृति सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न कम्पनियों के गैस वितरक उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने निर्देश दिये कि उपभोक्ताओं को प्रेरित किया जाए कि इस योजना के तहत अपने बैंक खाते एवं आधार कार्ड का लिंक गैस खाते के साथ करवाएं। यह सुनिश्चित करें कि सभी उपभोक्ता निर्धारित समयावधि में यह कार्रवाई पूरी कर लें। उपभोक्ताओं को सहज एवं सरल रूप से इस योजना के बारे में बताया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को उनके घर तक इस योजना के फार्म पहुंचाये जाएं,जिससे कि वह उक्त फार्मों की पूर्ति कर आगामी कार्रवाई कर सके। बैठक में बताया गया कि अगर उपभोक्ताओं के पास आधार नम्बर है तो उन्हें अपना आधार नम्बर अपने बैंक और अपने गैस एजेंसी को देना होगा। उन्हें फार्म नम्बर एक एवं दो भरना होंगे। ऐसे उपभोक्ता जिनके पास आधार नम्बर नहीं है। वह अपना बैंक खाता नम्बर और बैंक खाते की जानकारी गैस एजेंसी को दे सकते हैं।