इंदौर. उच्च शिक्षा विभाग ने यूजी के तीनों परंपरागत कोर्स बीकॉम, बीए और बीएससी में ही सेमेस्टर सिस्टम खत्म करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले शिक्षा सत्र (2015-16) से इन तीनों कोर्स की पढ़ाई वार्षिक पध्दति से ही होगी। लेकिन इसके लिए यूनिवर्सिटी को हर हाल में अगले साल जून से पहले सभी सेमेस्टर, एटीकेटी परीक्षाओं के रिजल्ट देना होंगे। इतना ही नहीं रिव्यू और रीवेल्यूएशन के भी सारे रिजल्ट देना होंगे। पीजी में सेमेस्टर सिस्टम खत्म नहीं होगा।
वैसे भी 2008-09 के सत्र से लागू हुए सेमेस्टर सिस्टम के कारण देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी सहित प्रदेश की लगभग सभी यूनिवर्सिटी में परीक्षा शेड्यूल गड़बड़ा गया था। बीकॉम, बीए और बीएससी तीन साल में पूरा होना चाहिए लेकिन सेमेस्टर लागू होने के बाद वह चार से पांच साल में पूरा हुआ है। 2008 से किसी भी बैच का कोर्स चार साल से कम समय में पूरा नहीं हुआ।
लगातार ऐसे बिगड़ता गया ढर्रा, अब सुधार की उम्मीद
- 90 दिन की क्लास के बजाय सिर्फ 40 दिन की क्लास लग पा रही है।
- यूनिवर्सिटी का 35 फीसदी स्टाफ सिर्फ परीक्षाएं करवाने में ही लगा रहा।
- डीएवीवी में सेमेस्टर लागू होने के 60 फीसदी रिजल्ट बुरी तरह बिगड़े।