इंदौर. क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और कुछ घटना होने पर आरोपियों की पहचान करने के लिए रविवार दोपहर को जयरामपुर कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे की शुरुआत पुलिस ने की। पुलिस ने क्षेत्र के रहवासियों और व्यापारियों से चर्चा भी की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे क्षेत्र को तीसरी आंख से कवर कर दिया जाएगा।
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के जयरामपुर कॉलोनी में रविवार दोपहर को रहवासियों व व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में पुलिस ने क्षेत्र में सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कहीं। कैमरे जनसहयोग से लगवाए जाएंगे। जूनी इंदौर इलाके में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाना है, जिसमें मुख्य रूप से माणिकबाग ब्रिज, जयरामपुर कॉलोनी, कर्बला सहित अन्य स्थानों पर लगाए जाना हैं। रविवार को जयरामपुर कॉलोनी में सात सीसीटीवी कैमरे की शुरुआत की गई है। पुलिस इस कवायद को अभियान के रूप में ले रही है। ताकि पूरे इलाके को कैमरों से कवर किया जा सके।