इंदौर। आदित्य श्रीवास्तव (151) की शानदार पारी के बाद कप्तान देवेंद्र बुंदेला (81) और मोहनीश मिश्रा (56) के अर्धशतकों की मदद से मप्र ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप मैच में बंगाल के खिलाफ मजबूत स्कोर खड़ा किया।
मेजबान ने होलकर स्टेडियम में चार दिवसीय मैच के दूसरे दिन 6 विकेट पर 514 रन बनाकर चायकाल से पहले ही पहली पारी घोषित कर दी। फिर बंगाल के 108 रन पर 3 विकेट निकालकर दबाव बना लिया है। स्टंप्स के समय सुदीप चटर्जी (58*) के साथ रिद्धिमान साहा (11*) क्रीज पर मौजूद थे। बंगाल अभी भी 406 रन पीछे है जबकि उसके 7 विकेट शेष हैं।
ग्रुप-ए में शीर्ष 3 में पहुंचकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए मध्यप्रदेश को आउटराइट जीत की दरकार है। इसे ध्यान में रखते हुए मप्र ने तेजी से रन जोड़े। कल के नाबाद बल्लेबाज आदित्य श्रीवास्तव ने 151 रनों की शानदार पारी खेली। फिर देवेंद्र बुंदेला ने मोहनीश मिश्रा के साथ पांचवें विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी कर टीम को 465 पर पहुंचा दिया। मोहनीश 56 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके 45वें प्रथम श्रेणी मैच में 13वां अर्धशतक है।
दूसरी तरफ बुंदेला ने 81 रन बनाए और मप्र को 500 के पार पहुंचा दिया। बुंदेला का यह 139वें मैच में 43वां अर्धशतक है। बुंदेला ने आउट होने के साथ पारी घोषित कर दी।
जवाब में बंगाल की शुरुआत ठीक नहीं रही। पहली ही गेंद पर उनके ओपनर अभिमन्यु ईश्वरन योगेश रावत के शिकार बने। अभिषेक दास (24) ने सुदीप चटर्जी के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। इस बार इंदौर के 18 वर्षीय आवेश खान ने अभिषेक का विकेट झटका। स्टार बल्लेबाज मनोज तिवारी भी महज 8 रन बनाकर आवेश के शिकार बने।
संक्षिप्त स्कोर : मप्र पहली पारी : 140.1 ओवर में 6 विकेट पर 514 रन (आदित्य श्रीवास्तव 151, रमीज खान 37, नमन ओझा 30, देवेंद्र बुंदेला 81, मोहनीश मिश्रा 56 रन, अशोक डिंडा 1, अमित बनर्जी 1, सौराशिष लाहिड़ी 3, मनोज तिवारी 1 विकेट), बंगाल पहली पारी : 35 ओवर में 3 विकेट पर 108 रन (सुदीप चटर्जी 58 रन, रिद्धिमान साहा 11* रन, योगेश रावत 1, आवेश खान 2 विकेट).