इंदौर. शहर में अब आपद प्रबंधन के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए शहर में 9 से 11 फरवरी तक आपदा प्रबंधन पर इंटरनेशनल कांफ्रेंस आयोजित हो रही है। फिक्की, नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी, पेट्रोलियम एण्ड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन हो रहा है।
लेबर कमिश्नर केसी गुप्ता ने बताया कि आयोजन होटल रेडिसन ब्ल्यू में होगा। इसमें श्रममंत्री अंतरसिंह आर्य, मुख्य सचिव एंटनी डिसा के साथ ही औद्योगिक सुरक्षा के विशेषज्ञ डॉ.अरविंद प्रसाद, निमाड़कर सक्सेना, एम.के.वार्ष्णेय, एस.कृष्णन्, डॉ.जे.आर.भारद्वाज शिरकत करेंगे। विशेषज्ञ औद्योगिक सुरक्षा, रासायनिक दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा से बचाव के उपाय और शासकीय और कानूनी प्रावधानों पर व्याख्यान देंगे। 11 फरवरी को आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल भी होगी। इसमें सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिससे वह सीख सकें कि किसी भी आपदा के दौरान किस तरह निपटा जा सकता है।